Google Analytics —— Meta Pixel
April 21, 2026
Hindi Hindi
स्पोर्ट्स

स्पोर्ट्स (417)

दुर्ग / शौर्यपथ / दुर्ग शहर के खिलाड़ियों ने मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष अलताफ अहमद के नेतृत्व में आज सुबह दुर्ग के विधायक अरुण वोरा जी से दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल की उपस्थिति में मुलाकात कर हाकी खेल के लिए खेल ग्राउंड की मांग की वही सुझाव भी दिया की सिविल लाइन में जो मैदान है वह जर्जर अवस्था में खाली पड़ा है उसे अगर खेल मैदान बना दिया जाए तो खिलाड़ियों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात होगी खिलाड़ियों की बात सुनकर विधायक अरुण वोरा ने तत्काल खिलाड़ियों के साथ उस मैदान को देखने सिविल लाइन पहुंच गए .
ग्राउंड देखकर अरुण वोरा भी चकित हो गए कि वाकई इतना अच्छा मैदान जो उपेक्षित पड़ा है मैं छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय भूपेश बघेल जी से एक व्यवस्थित खेल मैदान मिनी स्टेडियम का स्वरूप देते हुए बनाने की मांग करूंगा और खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा खेल मैदान बनाया जाएगा जिसमें दिन रात खिलाड़ी विभिन्न खेल खेल सके।महापौर धीरज बाकलीवाल ने तत्काल मैदान की सफाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। इस अवसर पर हॉकी खिलाड़ी गुलाम रहमानी, अंसार अहमद, इम्तियाज, चीकी,फारुख, मंटू मिश्रा सहित भारी संख्या में खिलाड़ी गण उपस्थित थे।

खेल /शौर्यपथ / पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलेन बाॅर्डर ने शनिवार को तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी रणनीति की आलोचना की और कहा कि चेतेश्वर पुजारा शॉट खेलने में डरे हुए थे और ऐसा लग रहा था कि वह रन बनाने के बजाए क्रीज पर टिके रहने के लिए खेल रहे थे। वहीं रिकी पोंटिंग ने भी पुजारा की बैटिंग की आलोचना की है।
बाॅर्डर ने 'फाक्सस्पोर्ट्स डॉट कॉम डॉट एयू' से कहा, 'वह (पुजारा) शॉट खेलने के लिये बिलकुल डरा हुआ लग रहा है, क्या ऐसा नहीं है? वह रन जुटाने के बजाय अपना विकेट बचाए रखने के लिये खेल रहा है।' उन्होंने कहा, 'इस सीरीज में उसका ज्यादा प्रभाव नहीं रहा है, उसने अपने रन जुटाने में इतना लंबा समय लिया, ऐसा लग रहा है कि वह क्रीज पर स्थिर हो गया है और इसका भारतीय बल्लेबाजी पर असर पड़ा। वे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी पर हावी होते नहीं दिखे।'
बाॅर्डर ने कहा, ''श्रेय गेंदबाजी को दिया जाना चाहिए जो काफी अच्छी रही और ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें कभी भी दबाव से बाहर नहीं निकलने दिया। आधी जंग तो यही है, गेंदबाजों को विकेट लेने में काफी मुश्किल हो रही थी लेकिन अगर स्कोरबोर्ड ही नहीं बढ़ रहा तो अंत में यह आपका इनाम ही है।' पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी पुजारा की बल्लेबाजी की आलोचना की और कहा कि 'उन्हें अपनी स्कोरिंग गति में थोड़ा तेज होना चाहिए था क्योंकि मुझे लगता है कि इससे उनके बल्लेबाजी जोड़ीदारों पर ज्यादा ही दबाव पड़ रहा था।'
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई आल राउंडर टॉम मूडी का हालांकि मानना है कि पुजारा अपना नैसर्गिक खेल खेल रहे थे और स्कोरबोर्ड को चलायमान रखने की जिम्मेदारी कप्तान अजिंक्य रहाणे और हनुमा विहारी की थी। मूडी ने 'ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा, 'मुझे नहीं लगता कि इसमें पुजारा की कोई गलती है, अपने करियर में उसने आमतौर पर इसी तरह का क्रिकेट खेला है और टीम का उनसे अपनी नैसर्गिक शैली के उलट खेल की मांग करना अनुचित होगा।'
उन्होंने कहा, 'मैं इसे रहाणे और विहारी पर डालूंगा। विहारी आये और 38 गेंदों में चार रन बनाए। मेरे हिसाब से इन दोनों खिलाड़ियों को स्कोर को बढ़ाते रहने की जरूरत थी, उन्हें पुजारा की इस श्रृंखला में ही नहीं बल्कि अन्य सीरीज में भी भूमिका को समझना चाहिए कि उन्होंने भारत के लिये टेस्ट क्रिकेट खेला है।'

खेल /शौर्यपथ / भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 338 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से स्टीव स्मिथ शानदार फॉर्म में नजर आए और उन्होंने 131 रनों की पारी खेली। वहीं, मार्नस लाबुशेन (91) भी लय में दिखाई दिए, लेकिन अपना शतक पूरा करने से चूक गए। इंजरी के बाद वापसी कर रहे डेविड वॉर्नर (5) हालांकि पहली पारी में कुछ नहीं कर सके। इसी बीच, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने वॉर्नर की फिटनेस पर सवाल उठाए हैं और कहा कि वह पूरी तरह से फिट दिखाई नहीं दिए।
सोनी नेटवर्क के साथ बातचीत करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व गेंदबाज ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह टॉस जीतना काफी अच्छा रहा। यह फैक्ट है कि वॉर्नर वापस आ चुके हैं और वह पुकोवस्की के साथ खेल रहे हैं, जिनका यह पहला टेस्ट मैच है। डेविड वॉर्नर मुझे रस्टी नजर आए, वह खेले नहीं और वह थोड़ा तनाव में दिखाई दिए। तो उनकी फिटनेस एक चिंता का विषय जरूर है। दूसरी तरफ पुकोवस्की को थोड़ा लक का साथ मिला, लेकिन मुझे लगता है वह अच्छी लय में नजर आए। वह परिस्थिति से घबराएं हुए नही दिखे और लगा कि वह टीम के सदस्य हैं लाबुशेन और स्मिथ की तरह।'
डेविड वॉर्नर को दूसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लगी थी, जिसके चलते वह पूरी टी20 सीरीज और पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल सके थे। हालांकि, इस मैच से पहले भी वॉर्नर पूरी तरह से फिट नहीं थे और साहयक कोच एंड्रयू मेकडॉनल्ड ने कहा था कि अगर वॉर्नर 90 प्रतिशत भी फिट होंगे तभी वह प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे। चार मैचों की टेस्ट सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। एडिलेड में मिली हार के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच में जीत दर्ज की थी।

खेल /शौर्यपथ / भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के चौथे टेस्ट मैच को लेकर काफी विवाद हुआ। मैच 15 जनवरी से ब्रिसबेन में खेला जाना है, जिसको लेकर मीडिया में खबरें आई कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) कोविड-19 के कड़े प्रोटोकॉल को लेकर यह मैच ब्रिसबेन में नहीं खेलना चाहता है। इसके बाद से इस मुद्दे पर विवाद बढ़ता ही गया। क्वींसलैंड की हेल्थ मिनिस्टर रोज बेट्स ने कहा कि अगर भारत को नियम नहीं मानने हैं, तो उन्हें यहां आने की जरूरत नहीं है। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस पर सफाई दी कि बीसीसीआई की तरफ से ऐसा कोई भी आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है। इस पूरे मुद्दे पर सिडनी टेस्ट से एक दिन पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने खुलकर बात की।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच 7 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना है। पेन ने कहा कि चौथे टेस्ट मैच के वेन्यू को बदलने को लेकर तीसरे टेस्ट पहले थोड़ा तनाव बढ़ने वाला था। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से खबर दी थी कि भारतीय टीम क्वीन्सलैंड के स्वास्थ्य संबंधी कड़े नियमों के कारण ब्रिसबेन में नहीं खेलना चाहती है। प्रोटोकॉल के मुताबिक भारतीय खिलाड़ी टेस्ट मैच के दौरान यहां तक कि अपने कमरों से भी बाहर नहीं निकल सकते थे। बीसीसीआई ने यह मसला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सामने रखा जिसके बाद पता चला है कि अब खिलाड़ियों को होटल के अंदर बायो सिक्योर एन्वॉयरमेंट और टेस्ट मैच में आपस में घुलने-मिलने की छूट दे दी गई है। हालांकि क्वींसलैंड के कुछ राजनीतिज्ञों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
'बवाल मचने वाला था'
पेन से जब पूछा गया कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में ऋषभ पंत और मैथ्यू वेड के बीच छींटाकशी के अलावा अब तक इस तरह की घटना नहीं होने का क्या कारण है, उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि अब बवाल मचने वाला था क्योंकि कुछ चीजें होने जा रही थीं।' उन्होंने कहा, 'यह क्रिकेट की नजर से ही अहम नहीं होगा, बल्कि टीम के अंदर भी इसको लेकर गुस्सा होगा क्योंकि उनकी (भारतीय) तरफ से कई अज्ञात सूत्रों के हवाले से खबर आ रही थी कि वे चौथा टेस्ट मैच कहां खेलने जा रहे हैं, वे कहां नहीं जाना चाहते हैं। इसलिए देखते हैं कि आगे क्या होता है।'
पेन ने स्वीकार किया कि अगर बीसीसीआई दबाव बनाता है तो ब्रिसबेन टेस्ट को लेकर अनिश्चितता बनी रहेगी। पेन से पूछा गया कि क्या वह इस घटनाक्रम से निराश थे, उन्होंने कहा, 'नहीं मैं अंदर से तनाव में नहीं था, लेकिन थोड़ी अनिश्चितता है क्योंकि जब आप यह जानते हैं कि वर्ल्ड क्रिकेट के शक्तिशाली बोर्ड भारत की तरफ से बातें सामने आ रही हैं तो फिर संभावना है कि ऐसा हो सकता है।' पेन ने कहा कि जहां तक टीम का सवाल है तो यह मायने नहीं रहता कि वह ब्रिसबेन में खेल रही है या मुंबई में। उन्होंने कहा, 'हमारा ध्यान अभी इस टेस्ट मैच पर है। हम प्रोटोकॉल जानते हैं और समझते हैं कि हमसे क्या उम्मीद की जा रही है।' पेन ने कहा, 'हम इस सप्ताह के मैच पर ध्यान देंगे और फिर अगले सप्ताह जो कुछ भी होगा उसे स्वीकार करेंगे। हम इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं कि टेस्ट मैच कहां होगा और हम इसकी परवाह नहीं करेंगे अगर आप हमें कहो कि यह मुंबई में होगा। हम अपनी रणनीति के साथ मैदान पर उतरेंगे।'

खेल /शौर्यपथ / कोविड-19 के कारण लम्बे समय से भारत में घरेलू क्रिकेट का आयोजन नहीं किया जा सका था। सैय्यद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट के साथ एक बार फिर से घरेलू क्रिकेट की शुरुआत हो रही है। 10 जनवरी से खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में कई दिग्गज खिलाड़ी अलग-अलग टीमों से खेलते हुए नजर आएंगे। मुंबई की टीम ने बीबीसीआई से अनुमति मिलने के बाद अर्जुन तेंदुलकर को टीम से जुड़ने के लिए कहा है।
अर्जुन तेंदुलकर का चयन पहले मुंबई की टीम में नहीं हुआ था। लेकिन बीसीसीआई ने सभी टीमों को अनुमति दी है कि वो अपनी टीम में 22 खिलाड़ी रख सकते हैं। मिड डे की रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई से हरी झंडी मिलने के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने अर्जुन तेंदुलकर को टीम से जुड़ने का निर्देश दिया है।
आलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर 20 सदस्यीय टीम में जगह बनाने में नाकामयाब रहे थे। प्रैक्टिस मैचों में उनका प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा था। चार मैचों में उन्हें 4 विकेट मिले थे जबकि उन्होंने सिर्फ 7 रन बनाए थे। मुंबई की टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं। सैय्यद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन विदर्भ है। जिसकी अगुवाई जयदेव उनादकट कर रहे हैं।
मुंबई की टीम- सूर्यकुमार यादव, आदित्य तरे, यशस्वी जायसवाल, आकर्षित गोमेल, सरफराज खान, सिद्धेश लाड, शिवम दुबे, शुभम रंजाने, सुजीत नायक, साईराज पाटिल, तुषार देशपांडे, धवल कुलकर्णी, मिनाद मांजरेकर, प्रथमेश डाके, अथर्व अंकोलेकर, शशांक अतार्डे, शम्स मुलानी, हार्दिक तमोरे, आकाश पार्कर, सुफियान शेख, अर्जुन तेंदुलकर और क्रुतिक हानागावड़ी

खेल /शौर्यपथ / भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच सिडनी में 7 जनवरी से खेला जाएगा। बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच को जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज को अब 1-1 से बराबर कर दिया है, ऐसे में तीसा टेस्ट काफी निर्णायक माना जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सिडनी टेस्ट के लिए अपनी टीम में बदलाव करते हुए डेविड वॉर्नर को शामिल किया है, जबकि जो बर्न्स को टीम से बाहर किया गया है। वॉर्नर की फिटनेस पर हालांकि अभी भी सवाल हैं। इसी बीच, ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने कहा है कि टीम वॉर्नर के 100 प्रतिशत नहीं होने के बावजूद भी उनको प्लेइंग इलेवन में शामिल करेगी।
रिपोर्टर के साथ बातचीत करते हुए डेविड वॉर्नर की इंजरी पर एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने कहा, 'वह 100 प्रतिशत शायद फिट ना हों, कौन रहता है इंजरी से आने के बाद? आप नहीं जानते जब तक कि आप मैदान पर नहीं उतरते। देखिए, अगर वह 90-95 प्रतिशत फिट होते हैं और बातचीत यह है कि वह इतने फिट हैं कि वह मैदान पर जाकर टीम के लिए अपनी ड्यूटी को पूरी कर सकें, मुझे यकीन है कि खिलाड़ी और कोच के बीच यह बातचीत होगी।' डेविड वॉर्नर के अलावा, विल पुकोवस्की को भी सिडनी टेस्ट के लिए टीम में जगह दी गई है और वह इस मैच में डेब्यू कर सकते हैं।
विल पुकोवस्की को प्रैक्टिस मैच के दौरान सर पर गेंद लगने से कनकशन की समस्या हुई थी, जिसके चलते वह पहले दो टेस्ट मैच नहीं खेल सके थे। डेविड वॉर्नर की गैरमौजूदगी में पहले दो टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए मैथ्यू वेड और जो बर्न्स ने ओपनिंग की थी, लेकिन दोनों ही मुकाबलों में यह जोड़ी कुछ खास नहीं कर सकी थी। जो बर्न्स ने बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच की दो पारियों में 0 और 4 रन बनाए थे।

राजनांदगांव / शौर्यपथ / स्वर्गीय उपेंद्र साहू की स्मृति में शहर के जालि खाता मैदान में आयोजित ग्रामीण एवं वार्ड स्तरीय संगम कप टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता-2020 में पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण सहित अन्य अतिथियों ने शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। स्पर्धा में प्रथम व द्वितीय विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप क्रमश्ः 22 हजार व 11 हजार रुपये प्रदान किया जायेगा। स्पर्धा का यह 11वां वर्ष है।
रानी श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव के अध्यक्ष विवेक वासनिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव डी. श्रवण थे। अध्यक्षता रानी श्रीमति सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा न्यास राजनांदगांव के सदस्य रमेश खंडेलवाल ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में रानी श्रीमति सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव के सदस्य गोवर्धन देशमुख, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली विरेंद्र चतुर्वेदी और थाना प्रभारी चिखली चौकी चेतन चंद्राकर उपस्थित हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डी. श्रवण ने कहा, क्रिकेट प्रतियोगिता के इस आयोजन से खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं, यह प्रशंसनीय है। खिलाड़ियों में जिस तरह से उत्साह दिख रहा है, उससे यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि शहरवासियों में खेल के प्रति काफी रूचि है। जालि खाता मैदान में खेलकर कई खिलाड़ियों ने अपनी जो प्रतिभा दिखाई है, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देने के साथ ही पराजित टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, किसी भी स्पर्धा में एक की जीत होती है तो दूसरे की हार, लेकिन हार से भी सीख लेकर हमें नई इच्छाशक्ति के साथ अगले पड़ाव में जीत के प्रति ईमानदारी से मेहनत करना चाहिए। स्वस्थ जीवन व स्वस्थ सेहत के निर्माण में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इसी तरह अध्यक्षता कर रहे रमेश खंडेलवाल ने कहा, खेलों का जीवन में बहुत महत्त्व है। किसी भी स्वस्थ स्पर्धा में हिस्सा लेने से आंतरिक शक्ति का विकास होता है। खेल भी उतने ही आवश्यक हैं, जितनी पढ़ाई। पढ़ाई के लिए स्वस्थ मस्तिष्क की आवश्यकता होती है और स्वस्थ मस्तिष्क स्वस्थ शरीर में ही निवास करता है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खेल आवश्यक है। खेल एक अच्छा व्यायाम है।
वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष आशीष रामटेके ने अपने संबोधन में कहा, खेल एक अच्छा मनोरंजन है। खेल खेलने वाले को भी मनोरंजन मिलता है और खेल देखने वाले को भी। इससे भीड़ के सामने खेलते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी होता है, जिससे वे अधिक शक्ति और कौशल से प्रदर्शन करते हैं। इसी उद्देश्य के साथ क्रिकेट प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के लिए ही यह स्पर्धा आयोजित की गई। जीवन स्वयं में एक खेल है। जिस प्रकार खेल में उतार.चढ़ाव आते हैं तथा हार-जीत होती हैए ठीक उसी प्रकार जीवन में भी ऐसी परिस्थितियां आती हैं। खेल का खेलना हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण हैं। खेलकूद से परस्पर सहयोग तथा प्रेम की भावना बढ़ती है। मैच तथा खेल टीम भावना से खेले जाते हैं।
समापन समारोह के अंत में सभी मंचस्थ अतिथियों को शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस स्पर्धा के आयोजन में समिति के उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा, सचिव महेंद्र यादव व कोषाध्यक्ष सोहन चौरसिया सहित सक्रिय कमलेश चन्द्राकर, देवेन्द्र ब्रम्हाण्डकर, आकेश पाण्डिया, नवीन साहू, कुलदीप कुणाल, सदस्य कमले चौरसिया, रूपेन्द्र मागे, अंकुर साहू, लव कुमार पाण्डे, रोशन रजक, डेनी सिंह परिहार, आशीष पटेल, कौशल देवांगन, कोमल सिंग राजपूत, गोविंदा सोनी (गोलु), राजा देवांगन, आकाश खसियाल, छोटू, पिंटू, साहिल सोनवानी, गोपाल देवांगन, राहुल सिंग व रजा कुरैशी समेत अन्य ने सराहनीय भूमिका निभाई।

खेल /शौर्यपथ / भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच का स्थान कंफर्म हो गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, अब दोनों टीमों के बीच यह मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ही खेला जाएगा। इससे पहले सिडनी के उत्तरी तटों पर कोरोना वायरस के नए मामले मिलने के बाद 7 जनवरी से यहां शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई थी।
सिडनी में मैच होने की स्थिति पर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टुअर्ट फॉक्स ने रविवार को कहा था कि भले ही वह चाहते हैं कि सिडनी में तीसरे टेस्ट मैच का आयोजन हो लेकिन अभी स्थिति काफी जटिल हो रखी है। फॉक्स ने 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' से कहा था कि वह (क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम सीईओ निक हॉकले) न्यू साउथ वेल्स के स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और मुझे लगता है कि अभी स्थिति बेहद जटिल है।
भारत ने आज मंगलवार को मेलबर्न में खेले गए चार मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली।इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था और पहली पारी में महज 195 रन बना सका। जवाब में भारत ने पहली पारी में 326 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 200 रनों पर सिमटी और भारत ने दो विकेट पर 70 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अजिंक्य रहाणे ने इस मैच में पहली पारी में सेंचुरी ठोकी और दूसरी पारी में 27 रन बनाकर नॉटआउट लौटे और उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।

भिलाई / शौर्यपथ / विगत दिनों प्रतिष्ठित चेयरमेन्स ट्रॉफी फॉर यंग मैनेजर्स 2020-21 प्रतियोगिता के महामुकाबले हेतु भिलाई इस्पात संयंत्र स्तर पर इसका आयोजन किया गया। वर्ष 2020-21 के प्रतियोगिता की थीम रही सेल में डिजिटल ट्राँसफॉरमेशन-चुनौतियाँ एवं अवसर।
भिलाई इस्पात संयंत्र स्तर पर आयोजित चेयरमेन्स ट्रॉफी फॉर यंग मैनेजर्स प्रतियोगिता में सहायक महाप्रबंधक इंकास सुश्री नीरजा शर्मा, उप प्रबंधक बार एवं रॉड मिल शिव कुमार एवं उप प्रबंधक इंकास एस पी राजकुमार की युवा टीम ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए सेल स्तर पर आयोजित होने वाले प्रतियोगिता हेतु पात्रता हासिल की।
इसी क्रम में बीएसपी स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में उप प्रबंधक एचआरडी सुश्री अवंति वुचुला, उप प्रबंधक यूआरएम सागर द्वार एवं सहायक प्रबंधक पीबीएस श्री ए व्ही सोम्या तेजा की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता का सेल स्तरीय फाइनल मैनेजमेंट ट्रेनिंग इन्स्टीट्यूट राँची में आयोजित होगा। इसके तहत सेल स्तर पर विजयी होने वाले टीम के प्रत्येक सदस्य को रुपये 25,000/- का नकद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। साथ ही विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को किसी विदेशी इस्पात संयंत्र में तीन दिन तक विजिट का भी मौका मिलेगा। इसके अलावा उप विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को रुपये 15,000/- का नकद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। साथ ही फाइनल में पहुँचने वाले अन्य टीम के प्रत्येक सदस्य को रुपये 5,000/- का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जायेगा।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)