Google Analytics —— Meta Pixel
May 09, 2026
Hindi Hindi
PANKAJ CHANDRAKAR

PANKAJ CHANDRAKAR

मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों को दिए निर्देश : संग्रहण केन्द्रों में धान को बचाने के लिए कैप कव्हर लगाए जाएं: जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

सभी जिलों में बढ़ाई जाए कोविड टेस्टिंग

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने अस्पतालों में सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं

रायपुर /शौर्यपथ/

मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने प्रदेश में असामयिक वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों और घरों को हुई क्षति का त्वरित आंकलन करने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रभावित लोगों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध करायी जाए।  बघेल ने जिला कलेक्टरों को वर्षा और ओला वृष्टि से संग्रहण केन्द्रों में रखे धान को बचाने के लिए केप कव्हर लगाने और पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने ओमिक्रान और कोविड संक्रमण से बचाव के लिए जिला कलेक्टरों को सभी ऐहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों में कोविड टेस्टिंग बढ़ाने तथा अस्पतालों में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और संक्रमण की स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य अमले को सतर्क किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कोरोना से बचाव के लिए 3 जनवरी से प्रदेश में प्रारंभ हो रहे 15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों के टीकाकरण और 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोरोना वैक्सीन की तीसरी खुराक (प्रीकॉशन डोज) देने के अभियान के संबंध में लोगों को जागरुक करने और टीकाकरण के इस अभियान के लिए निर्धारित टीकाकरण केन्द्रों की जानकारी के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।  बघेल ने जिला प्रशासन को यह निर्देश भी दिए हैं कि जिन लोगों ने अब तक कोरोना वैक्सीन की प्रथम और द्वितीय डोज नहीं लगवायी है, उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

उल्लेखनीय है कि 15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों के टीकाकरण के लिए एक जनवरी से कोविन एप पर पंजीयन शुरु होगा। इसी तरह कोरोना वैक्सीन की तीसरी खुराक (प्रीकॉशन डोज) ऐसे स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 60 वर्ष से अधिक के लोगों को 10 जनवरी से दी जाएगी, जिन्हें दूसरी खुराक लिए नौ महीने या 39 सप्ताह पूरे हो चुके हैं।

रायपुर /शौर्यपथ/ 

मुख्य सचिव  अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2022 के अवसर पर प्रदेश स्तर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न समारोह की रूप रेखा निर्धारण के संबंध में बैठक हुई। मुख्य सचिव  जैन ने निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष रूप से कोविड-19 के प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए। आयोजन के दौरान कोविड-19 से बचाव के लिए सभी निर्देशों का पालन और उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2022 का आयोजन पूरे राज्य में गरिमापूर्ण तरीके से किया जाएगा।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव  डी.डी. सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन पुलिस परेड ग्राउण्ड, रायपुर में सुबह नौ बजे से निर्धारित किया गया है।  सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के आमंत्रण पत्र का प्रारूप, अतिथियों का निर्धारण, जिला स्तर तथा तहसील स्तर पर कार्यक्रमों का निर्धारण सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। ध्वजारोहण के बाद पुलिस एवं अर्ध्द्वसैनिक बलों की टुकड़ियों (गार्ड ऑफ ऑनर) द्वारा सलामी दी जाएगी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय/सार्वजनिक भवन/राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार मध्य क्षेत्रीय परिषद का आयोजन भोपाल (मध्यप्रदेश) में 17 जनवरी 2022 को आयोजित होगी। इसके संदर्भ में विभागों के द्वारा नए अनुपालन, नए एजेंडा को जल्दी तैयार कर भारत सरकार को अवगत कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए है। बैठक में पुलिस महानिदेशक  अशोक जुनेजा, प्रमुख सचिव  गौरव द्विवेदी, सचिव स्वास्थ्य  शहला निगार, सचिव महिला एवं बाल विकास  रीना बाबासाहेब कंगाले, जनसम्पर्क आयुक्त  दीपांशु काबरा, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास  प्रसन्ना आर., सचिव गृह विभाग  धनंजय देवांगन, विशेष सचिव कृषि डॉ. एस.भारतीदासन, रायपुर कलेक्टर  सौरभ कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  प्रशांत अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

रायपुर /शौर्यपथ/

कार्यालय श्रमायुक्त छत्तीसगढ़ ने जानकारी दी है कि माइंस हॉस्पिटल राजहरा में मरीजों की जांच चिकित्सकों द्वारा की जा रही है। राजहरा में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी के इस साल 31 अक्टूबर को सेवा निवृत हो जाने के बाद चिकित्साधिकारी राजनांदगांव को राजहरा हॉस्पिटल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है और शीघ्र संविदा नियुक्ति संबंधित प्रक्रिया कार्यालय कल्याण आयुक्त (केन्द्रीय) भारत सरकार, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय रायपुर द्वारा की जा रही है।

दुर्ग -भिलाई /शौर्यपथ/

शहरों में बनाए गए गौठानों का अब निगम द्वारा मल्टीपरपज उपयोग किया जाएगा। यहां मवेशियों को तो रखा ही जाएगा, साथ ही अब यहां स्व. सहायता समूह द्वारा अलग-अलग तरह के उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे। भिलाई नगर निगम के द्वारा यहां फूलों से साबुन, कॉस्मेटिक्स और फेस पैक तैयार कराया जाएगा। इसकी बिक्री ऑनलाइन माध्यम से पूरे देश में की जाएगी।

नगर निगम भिलाई के आयुक्त प्रकाश सर्वे ने इसे लेकर रविवार को शहरी गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आशा स्व सहायता समूह की सदस्य संतोषी बंजारे एवं विनिता वैष्णव इस कार्य में अपनी टीम के साथ काम करेंगी। इनके द्वारा अलग-अलग फूलों से कई तरह के साबुन और कॉस्मेटिक बनाए जाएंगे। बन जाने के बाद इसकी बिक्री ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यम से की जाएगी। जिले और प्रदेश के अलावा देशभर से कोई भी ऑनलाइन इस प्रोडक्ट को खरीद सकेगा।

इस कार्य के लिए मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थल पर चढ़ने वाले फूल जो कि कचरे के ढेर के साथ चले जाते थे उनका उपयोग किया जाएगा। उन्हें लाकर शहरी गौठान में एकत्र किया जाएगा और उसके बाद उससे प्रोडक्ट तैयार किया जाएगा। यहां फूलों के जरिए फेस पैक एवं हेयर पैक जैसे कॉस्मैटिक्स आइटम भी तैयार किए जाएंगे। इन प्रोडक्ट की ऑनलाइन बिक्री के लिए इंडिया मार्ट, अमेजन एवं फ्लिपकार्ट में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया की जा रही है

 मवेशियों को अपने हाथों से खिलाया गुड़

निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शहरी गौठान का निरीक्षण करने के दौरान वहां रह रहे मवेशियों को देखा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ भी खिलाया। उनहोंने बताया कि शहरी गौठान में स्व. सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिये अलग-अलग तरह की लाभवर्धक गतिविधियां की जा रही है। अगरबत्ती का कार्य प्रारंभ हो चुका है और बड़े तादात में अगरबत्ती बनाया जा रहा है। इसकी बिक्री के लिए महिलाओं ने व्यवस्था कर ली है ताकि लाभ प्रारंभ हो जाये।

गौठानों में होगा मशरूम का उत्पादन

गौठानों में मशरूम उत्पादन का कार्य भी प्रारंभिक तौर पर जारी है। इसका प्रशिक्षण मिलने के बाद इस पर प्रायोगिक प्रक्रिया जारी है। मशरूम उत्पादन कक्ष शीघ्र महिलाओ को मिल जाएगा। पशुओं को हरा चारा देने के लिये नेपियर ग्रास एक अलग भूभाग पर तैयार किया गया है, वर्मी कम्पोष्ट तैयार करने के लिये और रोटेशन बरकरार रखने के लिए लगभग 100 कम्पोष्ट टैंक तैयार किये जा चुके है। मछली पालन की तैयारी भी अंतिम चरण पर है। सब्जी उत्पादन के लिये महिलाओ ने बीज बोना प्रारंभ कर दिया है। पशुओ की नियमित स्वास्थ्य जांच पशु चिकित्सक कर रहे हैं।

 

 

 

दुर्ग /शौर्यपथ/ 

छत्तीसगढ़ सरकार के चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधिग्रहण के बाद यहां कार्यरत 101 मैनेजमेंट कर्मचारी पूरी तरह से बेरोजगार हो गए हैं। सरकार ने नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर मैनेजमेंट के कर्मचारियों का संविलियन करने से मना कर दिया है। इसे लेकर मंगलवार को सभी कर्मचारियों ने तालाबंदी हड़ताल की। इस दौरान कर्मचारियों ने नौकरी दो या मौत दो... के नारे लगाकर राज्य सरकार से नौकरी देने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के कर्मचारी अस्पताल और कॉलेज के अधिग्रहण के साथ ही उनका भी अधिग्रहण करने की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। उनका कहना है कि उनके सभी पदों को पहले बहाल किया जाए, उसके बाद नई वैकेंसी जारी की जाए। कर्मचारियों का आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार शासन, मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक को पत्र भी लिखा है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसे लेकर उन्होंने मंगलवार को तालाबंदी और एक दिवसीय हड़ताल की है। उन्होंने मेडिकल के गेट को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखा और वहीं सामने धरना प्रदर्शन किया। अस्पताल और मेडिकल कॉलेज से निकाले गए 101 कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 4 माह से वह लोग बेरोजगार हैं। उनसकी स्थिति भुखमरी के कगार तक पहुंच गई है। इसलिए उन्होंने अपनी मांग को लेकर आरपार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है।

हेल्थ सेक्रेटरी ने बात करने से किया इंकार

यहां स्टेनो कम कम्यूटर ऑपरेटर के पद पर कई सालों से कार्यरत धनौष कुमार साहू ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के 101 कर्मचारियों के ऊपर रोजगार का संकट मंडरा रहा है। अधिग्रहण को लेकर हेल्थ सेक्रेटरी आलोक शुक्ला सोमवार को मेडिकल कॉलेज आए थे। सभी कर्मचारियों ने उनसे मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बात करने से मना कर दया। सरकार का कहना है कि चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अधिनियम 2021 के कंडिका 12 में लिखा गया है कि पूर्व कर्मचारी शासन में बने रहने के लिए मांग नहीं कर सकते हैं। इसी अधिनियम का हवाला देकर वह लोग उनकी मांग नहीं मान रहे हैं।

कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का बनाया मन

हड़ताल कर रहे कई अन्य कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने आरपार का आंदोलन करने का मन बना लिया है। जल्द ही यह आंदोलन शुरू हो जाएगा। हम सरकार से दो ही चीज मांग रहे हैं कि या तो सभी पूर्व कर्मचारियों को नौकरी दी जाए नहीं तो मौत दे दी जाए। इसके अलावा उन्हें कुछ भी स्वीकार नहीं है।

दुर्ग /शौर्यपथ/  

फिश फार्मिंग के नाम पर किसानों से करोड़ों की ठगी करने वाले फिश फॉर्चून प्रोड्यूसर कंपनी के सीएमडी विजेंद्र कश्यप और सीईओ विनय शर्मा को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ही गुड़गांव हरियाणा के रहने वाले हैं। दुर्ग के मोहन नगर थाने में भी किसानों से ठगी के मामले में कंपनी के 10 लोगों के खिलाफ 10 दिसंबर को अपराध दर्ज किया गया था।

इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। अब पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए प्रोटेक्शन वारंट में दुर्ग लेकर आएगी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा देश में 1750 तालाब बनाकर फिश फार्मिंग कराने के नाम पर 4 राज्यों के 1 हजार से ज्यादा किसानों से 240 करोड़ की ठगी की है। दोनों के खिलाफ एमपी, राजस्थान, यूपी और छत्तीसगढ़ में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। भोपाल पुलिस ने आरोपियों को गुड़गांव से गिरफ्तार किया है। मामले के अन्य आरोपियों में एजेंट प्रहलाद शर्मा और धर्मेंद्र ठाकुर अब भी फरार हैं।

भोपाल के कोहेफिजा थाना में पदस्थ एएसआई आरपी सिंह ने भास्कर को बताया कि कंपनी ने प्लानिंग के तहत कई राज्यों में ठगी की है। 1750 तालाब बनवाए गए। किसानों को आधा एकड़ खेत पर फार्मिंग करने के लिए साढ़े पांच और 1 एकड़ खेत पर बने तालाब पर 11 लाख रुपए देने के नाम पर ठगी गई। दोनों ठग के 6 बैंक अकाउंट और बैलेंस शीट देखने से पता चला कि 1 हजार किसानों से 240 करोड़ रुपए वसूले गए हैं। राज्यों में खोले गए दफ्तर बंद करके फरार हो गए। इस मामले में दुर्ग सहित आसपास के किसानों से 2.65 करोड़ से ज्यादा की ठगी हुई। मामले में जांच जारी है।

जिले में कंपनी के शिकार किसान

300 से ज्यादा किसान शिकार हुए

90 से ज्यादा किसान सामने आ चुके

2.65 करोड़ रुपए किसानों से ठगे गए

किसान मोहन नगर थाने पहुंच रहे शिकायत लेकर, पुलिस जांच जारी

कंपनी के खिलाफ 60 किसान शिकायत कर चुके हैं। करीब 3 सौ किसानों के साथ कंपनी ने फिश फार्मिंग का झांसा देकर ठगी की है। आधा एकड़ में फार्मिंग के लिए 67500 व एक एकड़ में फार्मिंग के लिए 1.44 लाख रुपए लिए गए हैं। बालोद निवासी देवेश चंद्राकर व राधेराम कोसले की शिकायत पर कंपनी के सुधीर भंडारी, विजेंद्र कश्यप, विनय शर्मा, भरत मौर्य, मनीष कश्यप, हितेश सैनी, सौरभ कुमार, मनोज त्रिपाठी, सुधीर भंडारी, गुलाब चंद्राकर पर केस दर्ज किया गया।

आरोपियों को तलाश में जुटी पुलिस पकड़े गए दोनों से होगी पूछताछ

इस मामले में आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर थे। कंपनी ने सभी प्रमुख दफ्तरों को भी बंद कर दिया है। इसके बाद से किसान परेशान हो रहे हैं। वहीं पुलिस आरोपियों को खोज रही है। पकड़े गए दोनों आरोपियों विजेंद्र कश्यप और विनय शर्मा को अब पुलिस छत्तीसगढ़े लेकर आएगी। उनसे पूछताछ की जाएगी। मामलें में इन दोनों आरोपियों के अलावा अन्य सभी अब तक फरार हैं, जिनके बारे में लगातार पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।

किसानों को फायदा पहुंचाने की बात कहकर लिए गए करोड़ों रुपए

पुलिस ने बताया कि किसानों से उनके खेत लिखा-पढ़ी दिखाकर लिए गए। कहा गया कि उन्हें हर साल आधा एकड़ में साढ़े पांच और एक एकड़ में 11 लाख रुपए तक दिए जाएंगे। इस हिसाब से ही क्रमश: हर किसान से फार्मिंग व सेटअप लगाने के नाम पर 67500 और 1.44 लाख रुपए लिए गए। कुछ तालाबों में किए गए कामों की भी जानकारी दी गई, लेकिन बाद में सारे पैसे लेकर कंपनी के संचालक व अन्य भाग खड़े हुए। मामले में जांच जारी है।

फिटनेश केअर /शौर्यपथ/

इन मजेदार तरीकों को आजमाकर आप खुद को एक्टिव और एनर्जेटिक रख सकते हैं. डांस  इसका सबसे बढ़िया उदाहरण है, इसके जरिए खुद को फिट रखा जा सकता है. इसके अलावा स्किपिंग  जैसी ढेरों एक्टिविटीज हैं जो फिट रहने में आपकी मदद कर सकते हैं.

 खुद को फिजिकली फिट रखने के लिए आम तौर पर लोग योग का सहारा लेते हैं. वहीं कुछ लोग जिम जाकर वर्क आउट करते हैं तो कुछ रनिंग और एक्सरसाइज के जरिए खुद फिट बनाए रखते हैं. लेकिन अगर आपको ये सभी तरीके पसंद नहीं आते और आप खुद को फिट और एक्टिव रखना चाहते हैं तो आप कुछ अलग और हटके तरीके आजमा सकते हैं. इन मजेदार तरीकों को आजमा कर आप खुद को एक्टिव और एनर्जेटिक रख सकते हैं. डांस इसका सबसे बढ़िया उदाहरण है, इसके जरिए खुद को फिट रखा जा सकता है. इसके अलावा स्विमिंग और स्किपिंग जैसी ढेरों एक्टिविटीज हैं जो फिट रहने में आपकी मदद कर सकते हैं. चलिए आपको इन तरीकों के बारे में बताते हैं.


साइकिलिंग | 

हर रोज करीब घंटे भर साइकिलिंग करने से 280-300 कैलोरी बर्न होती है. ऐसे में साइकिल चलाएं और खुद को फिट रखें. शरीर से चर्बी हटाने के लिए साइकिलिंग कारगर उपाय है. पेट कम करने और अपने जॉइंट्स को ठीक रखने के लिए साइकिलिंग बेहतर ऑप्शन है. ये हार्ट को भी हेल्दी रखता है, दिल के लिए ये बेहद फायदेमंद है. साइकिलिंग करने का एक फायदा ये भी है कि इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और तनाव कम होता है.

डांस

डांस को भी एक तरह का एक्सरसाइज माना गया है, इससे पूरा शरीर एक्टिव रहता है. तो अगर आपको हैवी वर्कआउट करना पसंद नहीं तो आप अपने मनचाहे गाने पर जमकर डांस करिए. आप जुंबा क्लासेस कर सकते हैं, वजन कम करने के लिए इसे सबसे अधिक कारगर माना गया है. इसके अलावा सालसा डांस भी बढ़िया विकल्प है, जिससे शरीर का बढ़ा हुआ वजन कम किया जा सकता है. एक घंटे सालसा डांस करने से करीब चार सौ के आस-पास कैलोरी बर्न होती है.

स्किपिंग |

स्किपिंग यानी रस्सी कूदने से शरीर का वजन कम होता है. रोज आधा घंटा से 45 मिनट स्किपिंग कर आप खुद को एक्टिव बना सकते हैं. रस्सी कूदने से दिल भी हेल्दी होता है और पेट पर जमी चर्बी कम होती है, स्किपिंग से शरीर की हड्डियां मजबूत होती हैं. कई सारे सेलिब्रिटीज स्किपिंग को अपनी फिटनेस रूटीन में शामिल करते हैं. ऐसे में आप को भी अगर एक्सरसाइज करना पसंद नहीं तो आप इस ऑप्शन को चुन कर फिट रह सकते हैं.

जंपिंग

जंपिंग करना काफी आसान है और इसके लिए आपको घंटों का समय निकालने की भी जरूरत नहीं होती. हर दिन कुछ मिनट देकर आप खुद को एक्टिव और फिट रख सकते हैं. हर दिन केवल 20 मिनट जंपिंग करने से 100 से 200 तक कैलोरी बर्न होती है.

खेलना

आपने स्पोर्ट्स पर्सन्स को अक्सर फिट देखा होता, क्योंकि खेलना खुद एक एक्सरसाइज है. आउटडोर गेम्स जैसे बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बेसबॉल जैसे गेम आप खेल सकते हैं. इसके साथ ही स्विमिंग भी शरीर को फिट रखने के लिए एक अच्छा ऑप्शन है. प्रतिदिन 35-40 मिनट इस तरह के गेम खेलते हैं तो आप बिल्कुल फिट और चुस्त रहेंगे.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों ने लोगों में डर पैदा कर दिया है. यहां तीसरी लहर की आहट के बीच सरकार ने येलो अलर्ट लागू कर दिया है और कई सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं. दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 496 नए मामले सामने आए हैं जो 4 जून के बाद से एक दिन में सामने आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है.

 नई दिल्ली /शौर्यपथ/

 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों ने लोगों में डर पैदा कर दिया है. यहां तीसरी लहर की आहट के बीच सरकार ने येलो अलर्ट लागू कर दिया है और कई सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं. दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 496 नए मामले सामने आए हैं जो 4 जून के बाद से एक दिन में सामने आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है. राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 24 घंटे में महामारी से एक मरीज की मौत हुई जबकि संक्रमण की दर बढ़कर 0.89 प्रतिशत हो गयी है. राज्य में कोविड-19 से अब तक कुल 25,107 रोगी दम तोड़ चुके हैं.

मामले से जुड़ी अहम जानकारियां :

दिल्ली में इस साल चार जून को कोविड-19 के 523 मामले सामने आए थे और संक्रमण की दर 0.68 प्रतिशत दर्ज की गई थी. उस दिन महामारी से 50 मरीजों की मौत हुई थी. दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 14,44,179 मामले सामने आ चुके हैं.

महाराष्ट्र अभी भी कोविड के मामले में देश में पहले पायदान पर है. यहां मंगलवार को कोविड-19 के 2,172 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66,61,486 हो गई है जबकि 22 और रोगियों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,41,476 हो गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी. राज्य के अहमदनगर जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय के आठ और विद्यार्थी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए, जिसके चलते विद्यालय में संक्रमित होने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है. राज्य में अब तक ओमिक्रॉन के 167 मामलों की पुष्टि हो चुकी है

तेलंगाना में मंगलवार को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के सात नए मामले सामने आने के साथ राज्य में ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर 62 तक पहुंच गई. इनमें से 13 मरीज ठीक हो चुके हैं. वहीं, तेलंगाना में मंगलवार को कोविड-19 के 228 नए मामले दर्ज किए गए जिसके बाद राज्य में अब तक सामने आए संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 6,81,072 हो गई है. राज्य में कोविड-19 के 3,459 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 6,73,589 लोग अब तक बीमारी से स्वस्थ हुए हैं।

गुजरात में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 394 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में कुल मामले बढ़कर 8,29,957 हो गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस अवधि में 59 मरीज संक्रमणमुक्त हो गए और अब तक गुजरात में कोविड से कुल 8,18,422 लोग उबर चुके हैं. पिछले 24 घंटे में महामारी से एक मरीज की मौत हुई है, जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर 10,115 हो गई. राज्य में 1,420 मरीज उपचाराधीन हैं.

हरियाणा में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 126 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में मामलों की संख्या बढ़कर 7,72,844 हो गई है जबकि एक मरीज की मौत के साथ मृतक संख्या बढ़कर 10,063 तक पहुंच गई है. हरियाणा में पिछले 24 घंटे के दौरान ओमिक्रॉन के दो मामले दर्ज किए गए, जिसके साथ ही अब तक राज्य में ऐसे 14 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें से सात मरीज ठीक हो चुके हैं.

जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 91 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में कुल मामले बढ़कर 3,40,924 हो गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में अब तक कोविड से 3,35,103 लोग उबर चुके हैं. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में महामारी से एक मरीज की मौत हुई है, जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,525 हो गई. जम्मू-कश्मीर में फिलहाल 1,296 मरीज उपचाराधीन हैं.

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से 69 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही राज्य में मंगलवार तक कोविड-19 की चपेट में आने वालों की कुल संख्या 10,07,741 हो गई है. राज्य में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पांच लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 14 लोगों ने घर में पृथकवास की अवधि पूरी की. राज्य में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित दो मरीजों की मृत्यु हुई है. छत्तीसगढ़ में अब तक 10,07,741 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से 9,93,748 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो गए हैं. राज्य में 393 मरीज उपचाराधीन हैं. राज्य में वायरस से संक्रमित 13,600 लोगों की मौत हुई है.

तमिलनाडु में मंगलवार को कोविड-19 के 619 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 27,45,261 हो गयी, जबकि संक्रमण से छह और मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद 36,750 पर पहुंच गई. राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार, तमिलनाडु में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 638 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 27,01,974 हो गई. तमिलनाडु में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 6,537 हो गई है. तमिलनाडु के चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्री एम सुब्रमण्यम ने कोरोना वायरस संक्रमण के फैलने के खतरे के मद्देनजर लोगों से नववर्ष समारोहों से दूर रहने की अपील की है. तमिलनाडु में अब तक कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन के 34 मामलों की पुष्टि हो चुकी है.

वहीं, कर्नाटक में मंगलवार को कोविड-19 के 356 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30,05,232 हो गयी, जबकि दो और रोगियों की मौत होने से मृतकों की तादाद 38,318 पर पहुंच गयी. राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, कर्नाटक में बीते 24 घंटे के दौरान 347 रोगी संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 29,59,429 हो गयी. कर्नाटक में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 7,456 हो गयी है. बेंगलुरू शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक 269 नये मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हुई. कर्नाटक में संक्रमण की दर 0.50 प्रतिशत है ,जबकि मृत्यु दर 0.56 प्रतिशत बनी हुई है.

आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 141 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,76,687 हो गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को एक बुलेटिन में इसकी जानकारी दी. बुलेटिन में कहा गया है कि इस दौरान महामारी से दो और मरीजों की मौत होने से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 14,492 हो गयी है. बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 165 मरीज संक्रमण मुक्त हुए, जिसके बाद स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 20,61,122 हो गयी है. इसमें कहा गया है कि उपचाराधीन रोगियों की संख्या घटकर 1,073 रह गई है.

नई दिल्ली/शौर्यपथ/

शाहरुख खान को बॉलीवुड का बादशाह कहा जाता है, और जब भी वह फिल्मों में कुछ हटकर अंदाज में आते हैं तो फैन्स का दिल जीत जाते हैं. शाहरुख खान पिछले कुछ समय से फिल्मों और शूटिंग से दूर थे, लेकिन अब फिर से बादशाह फिल्म के सेट पर लौट आया है. शाहरुख खान  ने अपनी फिल्म पठान  की शूटिंग शुरू कर दी है, ऐसे कयास उनका नई फोटो के सामने आने से लगाए जा रहे हैं. शाहरुख की एक फोटो वायरल हो रही है, जिसमें वह धांसू अंदाज में नजर आ रहे हैं.

शाहरुख खान की इस फोटो को एक्टर दिगांत हजारिका ने शेयर किया है. इस फोटो में शाहरुख खान स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं, और इसे देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म पठान की शूटिंग शुरू कर दी है. इस फोटो को शेयर करते हुए दिगांत ने लिखा है, 'सफलता एक अच्छी शिक्षक नहीं है, असफलता आपको विनम्र बनाती है. भारतीय सिनेमा के सबसे सफल एक्टर शाहरुख खान सबसे विनम्र इंसान भी हैं.'

बता दें कि पठान फिल्म में शाहरुख खान रॉ एजेंट पठान का किरदार निभा रहे हैं. इसके अलावा साउथ के सुपरस्टार डायरेक्टर एटली के साथ भी वह एक फिल्म में काम कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ साउथ की लेडी सुपरस्टार के नाम से फेमस नयनतारा भी नजर आएंगी. इस तरह शाहरुख खान को आने वाली फिल्मों में एक्शन अंदाज में देखा जा सकेगा.

 

 

 

मुख्यमंत्री ग्राम पतोरा में हनुमान मंदिर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल
रायपुर /शौर्यपथ/

मुख्यमंत्री ग्राम पतोरा में हनुमान मंदिर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल राम काज किन्हें बिनु, मोहि कहां विश्राम, हनुमान जी भगवान श्री राम की सेवा को अपना परम कर्तव्य मानते हैं

राम काज किन्हें बिनु, मोहि कहां विश्राम, हनुमान जी भगवान श्री राम की सेवा को अपना परम कर्तव्य मानते हैं हमें छत्तीसगढ़ की जनता ने छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा का मौका दिया है छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सेवा करना उनके दुख दर्द दूर करना हमारा पहला कर्तव्य है और इसे पूरा करने हम संकल्पबढ़ होकर कार्य कर रहे हैं। दुर्ग जिले के ग्राम पतोरा में हनुमान मंदिर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हनुमान जी ऐसे आराध्य हैं जिनकी हर गांव में मंदिर है पूजा होती है। वह बल, ज्ञान और भक्ति की त्रिवेणी है उन्होंने अपने अतुलित बल से लंका दहन किया, अहिरावण की भुजा उखाड़ दी। अपने सामर्थ्य को उन्होंने लोक उद्देश्य के लिए लगाया। भक्ति का उनका समर्पण भी अद्भुत है। उन्होंने अपना ह्रदय चीरकर राम के प्रति अपने समर्पण दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम के प्रति ऐसी निष्ठा बहुत दुर्लभ होती है। अंतिम वक्त में भी जिनकी जिह्वा में श्री राम का स्मरण हो तो इस से बढ़कर क्या हो सकता है। महात्मा गांधी के आखिरी शब्द हे राम थे। ऐसे महात्मा पर जब कभी आक्षेप लगे तो इसका उचित उत्तर देना हम सब का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू है अहिंसा के मार्ग पर हम चलते हैं गुरु घासीदास ने हमें मनखे मनखे एक समान का संदेश दिया है। हम सब छत्तीसगढ़ महतारी की पूरी निष्ठा के साथ और मूल्यों के साथ सेवा करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर तुलसीदास और कबीर की राम भक्ति का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सभी संत कवियों ने राम के अवदान को अपने-अपने तरह से व्यक्त किया है। भारत के जनमानस में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के मूल्यों की अमिट छाप है। हर बार पतोरा में जब आता हूं और यहां पर राम भक्ति का सुंदर वातावरण देखता हूं तो हमेशा मन आनंद से भर जाता है। इस मौके पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष  जवाहर वर्मा जिला मंडी बोर्ड के अध्यक्ष  अश्विनी साहू जिला पंचायत उपाध्यक्ष  अशोक साहू, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य  हेमंत देवांगन एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)