
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास पहुंचकर छात्रावासी बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई, करियर प्लानिंग और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक छात्र से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ मेहनत करनी चाहिए। परिणाम की चिंता में प्रयासों में कमी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पूरे समर्पण के साथ प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। असफलता मिलने पर भी निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि लक्ष्य प्राप्ति के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास जीवन में किसी न किसी रूप में उपयोगी साबित होता है।
छात्रावास में लगेगा स्मार्ट क्लासरूम
छात्रों से करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने छात्रावास में विशेष स्मार्ट क्लासरूम स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगी परीक्षाओं के सिलेबस के अनुरूप अध्ययन सामग्री स्मार्ट क्लास में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ऑनलाइन क्लास से जुड़ने की सुविधा भी विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का है और तकनीक आधारित पढ़ाई न केवल समय बचाती है, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को भी अधिक प्रभावी बनाती है।
नीट, जेईई, पीएससी और एसएससी की किताबें होंगी उपलब्ध
छात्रों ने बताया कि छात्रावास में कक्षा 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के साथ स्नातक स्तर के छात्र भी रहते हैं, जो नीट, जेईई, लॉ, एसएससी, व्यापम और पीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
इस पर उप मुख्यमंत्री ने छात्रों से उनकी जरूरत के अनुसार पुस्तकों और मासिक पत्रिकाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास की लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक किताबें, स्टडी मटेरियल और मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने लाइब्रेरी में इंटरनेट सुविधा से युक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
छात्र की आंख की समस्या सुनकर रायपुर में इलाज का भरोसा
मुलाकात के दौरान एक छात्र ने उप मुख्यमंत्री को अपनी आंख में समस्या होने की जानकारी दी। श्री शर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि छात्र का रायपुर के अच्छे अस्पताल में उपचार कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक समन्वय करने के निर्देश उन्होंने सहायक आयुक्त को दिए।
छात्रों को दिए पेन, बारिश को देखते हुए छाते की व्यवस्था के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने बच्चों को अच्छी तरह पढ़ाई करने की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें उपहार स्वरूप पेन प्रदान किए। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने छात्रावास में बच्चों के लिए छाते उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण कर वहां विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और छात्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर पार्षद बिहारी धुर्वे, मनीराम साहू, चंदन पटेल, ईश्वरी धुर्वे, मनीराम छेदावी, सहायक आयुक्त लक्ष्मी पटेल सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
“शांति का टापू” से अपराध और नशे के गढ़ तक पहुंचा छत्तीसगढ़ : राहुल शर्मा
दुर्ग / शौर्यपथ। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के महामंत्री राहुल शर्मा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए छत्तीसगढ़ में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कभी छत्तीसगढ़ की पहचान “शांति का टापू” के रूप में होती थी, लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश अपराध, नशे और माफियाराज की गिरफ्त में पहुंच गया है।
राहुल शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हरेली, तीजा, दीपावली, दशहरा सहित सभी त्योहार लोग प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाते थे। महिलाएं रात के समय भी स्वयं को सुरक्षित महसूस करती थीं। लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं। त्योहारों के दौरान भी चोरी, गुंडागर्दी, नशे में मारपीट और आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास 200 से 300 मीटर के दायरे में ड्रग्स, गांजा, स्मैक और अवैध शराब आसानी से उपलब्ध होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। पुलिस की नाक के नीचे नशे के अड्डे संचालित होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इसका सबसे गंभीर असर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है। हजारों युवा नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि छत्तीसगढ़ में हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 200 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि व्यापारी, किसान और आम नागरिक सहित कोई भी वर्ग स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।
राहुल शर्मा ने प्रदेश के गृहमंत्री से सवाल करते हुए कहा, “नशा माफिया को किसका संरक्षण प्राप्त है? सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय इसे बदहाल क्यों होने दिया गया?” उन्होंने कहा कि सरकार को केवल दावे करने के बजाय नशे के नेटवर्क और उसके पीछे सक्रिय लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि नशा माफिया और उनके संरक्षणदाताओं के खिलाफ NSA/रासुका के तहत कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित की जाए, ताकि नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जा सके।
राहुल शर्मा ने त्योहारों के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को गंभीरता से कदम उठाकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि सरकार अपराध और नशे के खिलाफ ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि छत्तीसगढ़ की पुरानी पहचान “शांति का टापू” के रूप में फिर से स्थापित हो सके।
सौर ऊर्जा अपनाकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे परिवार, स्वच्छ ऊर्जा को मिल रहा बढ़ावा
रायपुर / शौर्यपथ / प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना प्रदेश के आम नागरिकों के लिए आर्थिक राहत और स्वच्छ ऊर्जा का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे परिवार अपनी बिजली जरूरतों के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आने के साथ ही कई परिवारों को आर्थिक बचत का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत विद्युत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। नागरिकों को योजना की प्रक्रिया, लाभ और सौर ऊर्जा के महत्व की जानकारी देकर अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
योजना के अंतर्गत घरों की छत पर स्थापित सोलर पैनल सूर्य के प्रकाश से बिजली का उत्पादन करते हैं। घरेलू आवश्यकता पूरी करने के बाद अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आती है। इस प्रकार योजना एक ओर परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रही है।
जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को अपने परिवार के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि पहले उनके घर का बिजली बिल अपेक्षाकृत अधिक आता था। योजना के तहत घर में सोलर पैनल लगवाने के बाद बिजली की नियमित खपत के बावजूद उनके बिजली बिल में काफी कमी आई है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा के उपयोग से उन्हें हर महीने अच्छी बचत हो रही है, जिसका सकारात्मक असर परिवार के बजट पर पड़ा है।
श्री गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इससे बिजली खर्च कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने का अवसर भी मिल रहा है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सौर ऊर्जा को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक परिवारों के सौर ऊर्जा से जुड़ने से बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
धमतरी / शौर्यपथ / भारतीय जनता पार्टी संगठन द्वारा जारी नई नियुक्तियों में राजेशनाथ गोसाई को भारतीय जनता पार्टी, मंडल नगरी का मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से मंडल नगरी सहित क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनेगा।
मंडल अध्यक्ष नियुक्त होने पर राजेशनाथ गोसाई ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समस्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष एवं समस्त प्रदेश पदाधिकारियों, जिला नेतृत्व एवं समस्त कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उनके लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों एवं संगठन की रीति-नीति के अनुरूप पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा मंडल नगरी में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
श्री गोसाई ने मंडल नगरी सहित समस्त वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं सभी कार्यकर्ताओं के स्नेह, विश्वास, शुभकामनाओं एवं सहयोग के लिए भी हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक सहयोग और मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने एवं जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का सतत प्रयास किया जाएगा।
बीईओ धरसींवा के नेतृत्व में 117 अधिकारी-कर्मचारियों ने ली आजीवन सदस्यता
मानव सेवा के लिए हर हाथ जरूरी, इंडियन रेडक्रॉस से जुड़कर बनें नेक कार्य का हिस्सा : कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह
रायपुर / शौर्यपथ / मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से रायपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लगातार सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। जिला रेडक्रॉस अध्यक्ष एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान से जिले के अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक जुड़कर समाजसेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) धरसींवा श्री अमित तिवारी के नेतृत्व में 117 अधिकारी-कर्मचारियों ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बीईओ श्री अमित तिवारी से सदस्यता राशि ग्रहण की।
मानव सेवा के लिए प्रत्येक प्रयास महत्वपूर्ण : कलेक्टर
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस की आजीवन सदस्यता लेने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने जिले के अधिक से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों से इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सहायता के इस पुनीत कार्य में हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस से जुड़ना केवल सदस्यता लेना नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़े होने की प्रतिबद्धता भी है।
आपदा और संकट के समय राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एक स्वतंत्र मानवतावादी एवं समाजसेवी संस्था है, जो आपदा और संकट की परिस्थितियों में प्रभावित लोगों की सहायता के लिए कार्य करती है। संस्था द्वारा भूकंप, आग, बाढ़ और सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के साथ-साथ प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया जाता है।
अलग-अलग श्रेणियों में सदस्यता का प्रावधान
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सदस्यता का प्रावधान किया गया है। इसके तहत संरक्षक सदस्य के लिए 25 हजार रुपये, उप संरक्षक सदस्य के लिए 12 हजार रुपये, आजीवन सदस्य के लिए 1 हजार रुपये तथा वार्षिक सदस्यता के लिए 100 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
कार्यक्रम में निगम आयुक्त संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पहले अपना घर तो साफ करिए साहब... मुख्य सड़क पर चालान, गौरव पथ पर महीनों से कचरे का अंबार
रिपोर्टर : कृष्णा मंडल / लोकेशन : दंतेवाड़ा
बचेली। स्वच्छ भारत मिशन और ‘स्वच्छ बचेली’ अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा शहर को स्वच्छ रखने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई किए जाने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन इन दावों के बीच नगर के प्रमुख गौरव पथ पर जगह-जगह लगे कचरे के ढेर नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों, गलियों और मोहल्लों में घर-घर सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए डस्टबिन वितरित किए गए हैं। घरों और दुकानों से नियमित कचरा संग्रहण के लिए कचरा वाहन तथा सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था होने की बात भी कही जाती है। इसके बावजूद शहर के महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग गौरव पथ के कई हिस्सों में कचरे के बड़े-बड़े ढेर दिखाई दे रहे हैं।
कचरे के ढेर से दुर्गंध, राहगीर परेशान
गौरव पथ पर लंबे समय से जमा कचरे के कारण आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क किनारे जमा कचरा और गंदगी नालियों में पहुंचकर जल निकासी की समस्या बढ़ा सकती है। साथ ही इससे मच्छरों और अन्य संक्रमण फैलाने वाले कीटों के पनपने का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से कचरा उठाने और सफाई की व्यवस्था की जाए तो प्रमुख मार्ग पर इस तरह कचरे का ढेर लगने की स्थिति ही नहीं बनेगी।
जनता पर चालान, लेकिन नगर पालिका की जवाबदेही कौन तय करेगा?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले नागरिकों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है, तो नगर पालिका की अपनी सफाई व्यवस्था की जवाबदेही कौन तय करेगा?
स्वच्छता व्यवस्था केवल लोगों पर जुर्माना लगाने से प्रभावी नहीं हो सकती। इसके लिए नियमित कचरा संग्रहण, समय पर कचरा उठाव, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और निगरानी की भी उतनी ही आवश्यकता है। नियम यदि नागरिकों के लिए हैं तो व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर पालिका की भी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वच्छता के नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। यदि आम नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है और गंदगी फैलाने पर जुर्माना लगाया जाता है, तो नगर पालिका को भी अपने सफाई दायित्वों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
‘स्वच्छ बचेली’ के दावों पर उठ रहे सवाल
गौरव पथ जैसे प्रमुख मार्ग पर कचरे का अंबार नगर पालिका के ‘स्वच्छ बचेली’ अभियान के जमीनी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर रहा है। नागरिकों का कहना है कि अभियान केवल प्रचार और चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका असर शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर भी नजर आना चाहिए।
अब देखना होगा कि नगर पालिका इस मामले में कचरे के ढेर को हटाने के साथ-साथ नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करती है या नहीं। साथ ही यह भी देखना महत्वपूर्ण होगा कि नगर पालिका अपने सफाई वाहनों और कर्मचारियों की व्यवस्था की प्रभावी निगरानी किस प्रकार करती है।
फिलहाल गौरव पथ की तस्वीरें ‘स्वच्छ बचेली’ के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर की ओर इशारा करती नजर आ रही हैं।
दैनिक शौर्यपथ महासमुंद
जिला ब्यूरो संतराम कुर्रे
पिथौरा-जनपद पंचायत पिथौरा में दिव्यांगजन को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे, जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल एवं जनपद सदस्य पुरुषोत्तम घृतलहरे द्वारा ग्राम गड़बेड़ा निवासी संतुराम ध्रुव पिता जिर्जोधन ध्रुव को ट्रायसाइकिल सहायक उपकरण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि सहायक उपकरण प्राप्त होने पर दिव्यांगजन के चेहरे पर आई खुशी यह दर्शाती है कि शासन की योजनाएं वास्तव में जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। ट्रायसाइकिल मिलने से अब वे अपनी दैनिक दिनचर्या के कार्य अधिक सुगमता से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज दिव्यांगजन शिक्षा, खेल, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समाज में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं तथा निरंतर मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सनत महादेवा, समाज शिक्षा संगठक गुलाब सामल, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी सुशील चौधरी, ग्राम पंचायत धनोरा के सरपंच गिरीशचंद पटेल, महेन्द्र कुमार रात्रे सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दैनिक शौर्यपथ महासमुंद
महासमुंद। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला महासमुंद ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से कमलेश डड़सेना को बलोदा (सरायपाली विधानसभा) मंडल प्रभारी नियुक्त किया है।
नियुक्ति के बाद कमलेश डड़सेना ने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व एवं जिला संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा सेवा, संगठन एवं राष्ट्रहित के कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
कमलेश डड़सेना ने पार्टी नेतृत्व का पुनः आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
धमतरी / शौर्यपथ / सिहावा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने मध्य प्रदेश एवं बिहार के उपचुनाव परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि इन चुनाव परिणामों से यह संकेत मिलता है कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास धीरे-धीरे कम हो रहा है।
उन्होंने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत का स्वागत करते हुए कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस के पक्ष में जनादेश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती को राजनीतिक साजिश के तहत हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन उपचुनाव के परिणाम भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित हुए।
पूर्व विधायक ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी को 18,953 मतों के अंतर से पराजित किया, जिससे भाजपा की राजनीतिक स्थिति पर प्रश्नचिह्न खड़ा हुआ है।
लक्ष्मी ध्रुव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने चुनावी वादों को प्रभावी ढंग से पूरा नहीं किया तथा सरकार के कार्यों में जनहित की अपेक्षा तानाशाही और दबाव की राजनीति अधिक दिखाई दी। उन्होंने कहा कि जनता अब इन बातों को समझ चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में कांग्रेस दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी मजबूत वापसी करेगी।
राजनांदगांव / शौर्यपथ / सीमा पर देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त करते हुए राजपूत करणी सेवा के नेतृत्व में राजपूत समाज के लोगों ने सैनिकों के लिए राखियां भेजीं। ऑडिटोरियम में आयोजित सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान कार्यक्रम में समाज की लोगों ने सैनिक भाइयों के लिए राखियां एवं शुभकामना संदेश तैयार कर भेजा है.
कार्यक्रम में राजपूत करणी सेवा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। इस दौरान सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति समाज की जिम्मेदारी को लेकर विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्र प्रताप सिंह का राजपूत करणी सेवा एवं समाज की ओर से राखी और शाल भेंटकर सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिक विपरीत परिस्थितियों में रहकर राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं। उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर राजपूत समाज के प्रदेश महासचिव गोल्डी भदोरिया, जिला अध्यक्ष अमन बहादुर सिंह, कपिल सिंह चौहान अजय कुशवाहा, संजय सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, महिलाएं एवं सदस्य मौजूद रहे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
