August 13, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    राजनांदगांव

    राजनांदगांव (1778)

    मोबाइल अकादमी कोर्स पूर्ण करने में राजनांदगांव जिला देश एवं प्रदेश में दूसरा स्थान पर
    राजनांदगांव/शौर्यपथ /स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग भारत सरकार द्वारा मितानिनों की जानकारी को बढ़ाने और उन्हें अपग्रेड करने के उद्देश्य से मोबाइल अकादमी कोर्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले की शत-प्रतिशत मितानिनों ने मोबाइल अकादमी कोर्स पूर्ण कर लिया है। मितानिनों द्वारा मोबाइल अकादमी कोर्स पूर्ण करने में राजनांदगांव जिला देश एवं प्रदेश में दूसरा स्थान पर है। कलेक्टर ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग, मितानिनों एवं इस कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों हो हार्दिक बधाई दी है।
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक बसोड ने बताया कि मोबाइल अकादमी एक नि:शुल्क ऑडियो ट्रेनिंग कोर्स है। जिसे मितानिनों की जानकारी को बढ़ाने, उन्हें अपग्रेड करने और उनके मोबाइल फोन के माध्यम से उनके संचार कौशल में सुधार करने के लिए डिजाइन किया गया है, जो कम लागत में अधिक प्रभावी और कुशल दोनों है। उन्होंने बताया कि मोबाइल अकादमी कोर्स मोबाइल फोन के माध्यम से कभी भी कहीं भी एक साथ हजारों मितानिनों को प्रशिक्षित कर सकता है। मोबाइल अकादमी में कुल 11 मॉड्यूल होते हैं और प्रत्येक मॉड्यूल की समाप्ति के पश्चात मितानिनों को मोबाइल फोन के माध्यम से कुछ प्रश्नों के उत्तर देने होते हैं। जिले में शत-प्रतिशत मितानिनों ने मोबाइल अकादमी कोर्स पूर्ण कराने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भूमिका वर्मा, जिला डाटा प्रबंधक श्री अखिलेश चोपड़ा, राज्य कार्यक्रम समन्वयक श्री राजा अहमद, संभागीय कार्यक्रम समन्वयक सुश्री जोतशना, जिला डाटा सहायक श्रीमती प्रीति सिंह, जिला मितानिन समन्वयक सुश्री प्रियंका साहू, श्रीमती देवकी वर्मा की विशेष भूमिका रही।
    उल्लेखनीय है कि मितानिन कार्यक्रम में राजनांदगांव जिला हमेशा ही अग्रणी रहा है एवं स्वास्थ्य सूचकांकों की बेहतरी के लिए मितानिनों की विशेष सहभागिता रहीं है। मोबाइल अकादमी कोर्स पूर्ण होने से मितानीन अधिक दक्षता से कार्य करेंगी एवं कार्य कुशलता में अधिक गुणवत्ता आयेगी। मोबाइल अकादमी कोर्स की तकनीकी जानकारी एवं मितानिनों को कोर्स में भाग लेने के लिए प्रेरित करने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, मितानीन ट्रेनर्स, कनिष्ठ सचिवालय सहायक, जिला विकासखंड डाटा प्रबंधक, जिला डाटा सहायक का सराहनीय योगदान रहा है।

    राजनांदगांव/शौर्यपथ /राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरगा के बड़ौदा आरसेटी में नाबार्ड द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह शामिल हुई। सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं कदम से कदम मिलाकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। महिलाएं हर असंभव कार्य को संभव बना सकती है। आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर अपने परिवार को सहयोग भी दे रही हैं।
    सहायक संचालक शिक्षा विभाग श्रीमती संगीता राव ने कहा कि महिलाएं भी राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे रहीं है। जिसके लिए उन्हें और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम को लीड बैंक प्रबंधक श्री सर्वेन्द्र मलिक एवं विभिन्न ब्रांच के महिला शाखा प्रबंधकों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नाबार्ड समूह की महिलाओं एवं आरसेटी के महिला प्रशिक्षार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। नाबार्ड से श्रीमती बबीता निषाद ने बताया कि वह अन्य महिलाओं के साथ मिलकर सेनेटरी नेपकिन बनाकर स्कूल की लड़कियों एवं महिलाओं को इसके लिए जागरूक करते हुए नि:शुल्क उपलब्ध करा रही है। आरसेटी से प्रशिक्षित श्रीमती सरोज साहू ने बताया कि वह गांव की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर गरीब परिवार को आर्थिक मदद कर रहीं है, जो अन्य लोगों के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम का संचालन आरसेटी में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षार्थी कुमारी जागृति एवं निकिता द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीमति ऋतु मलाकार, नाबार्ड व आरसेटी के अधिकारी व कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिला प्रशिक्षणार्थी व स्वसहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थी।

    उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
        राजनांदगांव/शौर्यपथ / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री संवाद कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से स्वसहायता समूह, विभिन्न संगठनों की महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि जुड़े रहे। प्रधानमंत्री संवाद कार्यक्रम जिले के विभिन्न स्थानों राजनांदगांव शहर के गांधी सभागृह एवं देवांगन भवन चिखली, राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुरगी एवं घुमका, डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मुरमुंदा और लालबहादुर नगर एवं नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़, डोंगरगांव विकासखंड के नगर पंचायत सभागृह, छुरिया विकासखंड के ग्राम कुमर्दा एवं नगर पंचायत छुरिया में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गांव एवं शहर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी।
    इस अवसर पर नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वसहायता समूह की महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता विकास, महिला सशक्तिकरण एवं नेतृत्व क्षमता और शासकीय योजनाओं से जुड़ाव में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मातृशक्ति को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राजनांदगांव के गांधी सभागृह में श्री नीलू शर्मा, श्री सुरेश एच लाल, श्री राजेन्द्र गोलछा सहित जिले में विभिन्न स्थानों में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिला स्वसहायता समूह एवं विभिन्न संगठनों की महिलाएं उपस्थित थी।

    राजनांदगांव /शौर्यपथ /भारतीय वायुसेना द्वारा वायु सैनिक समूह वाई (गैर तकनीकी) मेडिकल असिस्टेंट ट्रेड में प्रवेश के लिए 28 मार्च 2024 एवं 3 अप्रैल 2024 को लाल परेड ग्राऊंड भोपाल मध्यप्रदेश में भर्ती रैली आयोजित की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य के सभी जिलों के चिकित्सा सहायक के उम्मीदवारों के लिए रैली की तिथि 28 मार्च 2024 को सुबह 6 बजे निर्धारित है। इसी तरह चिकित्सा सहायक (फार्मेसी में डिप्लोमा व बीएससी) के उम्मीदवारों के लिए रैली की तिथि 3 अप्रैल 2024 को सुबह 6 बजे निर्धारित है। रिपोर्टिंग टाईम का अंतिम समय सुबह 10 बजे तक रहेगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी वेबसाईट www.airmenselection.cdac.in से प्राप्त की जा सकती है।
    उप संचालक रोजगार श्री एसव्ही राजौरिया ने बताया कि चिकित्सा सहायक (10+2) वाले अविवाहित उम्मीदवार का जन्म 24 जून 2003 और 24 जून 2007 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच हुआ हो। उम्मीदवार को मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान तथा अंग्रेजी के साथ (10+2), इंटरमीडिएट, समकक्ष परीक्षा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से गैर व्यावसायिक विषयों यानी भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान तथा अंग्रेजी के साथ दो वर्ष का व्यावसायिक पाठ्यक्रम न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए।
    उन्होंने बताया कि चिकित्सा सहायक (फार्मेसी में डिप्लोमा व बीएससी) वाले अविवाहित उम्मीदवार का जन्म 24 जून 2000 और 24 जून 2005 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच हुआ हो। उम्मीदवार को मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान तथा अंग्रेजी के साथ (10+2), इंटरमीडिएट, समकक्ष परीक्षा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके अलावा नामांकन के समय स्टेट फार्मेसी काउंसिल या फार्मेसी काउंसिल इंडिया से वैद्य पंजीकरण के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ फार्मेसी में डिप्लोमा व बीएससी अनिवार्य आवश्यकता होगी। मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से गैर व्यावसायिक विषयों यानी भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान तथा अंग्रेजी के साथ दो वर्ष का व्यावसायिक पाठ्यक्रम न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। विवाहित उम्मीदवार का जन्म 24 जून 2000 और 24 जून 2003 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच हुआ हो। केवल मेडिकल असिस्टेंड ट्रेड के लिए गु्रप वाई (गैर तकनीकी) में एयरमैन हेतु भर्ती की जाएगी।

    कृषि पंप कनेक्शन के साथ कैपेसिटर लगाने की अपील’
       राजनांदगांव/शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी राजनांदगांव क्षेत्र द्वारा सभी विभागीय संभाग राजनांदगांव, खैरागढ़, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, मोहला, पंडरिया एवं कवर्धा के सभी कृषि पंप उपभोक्ताओं से अपने कनेक्शनों में पर्याप्त क्षमता अनुसार अनिवार्य रूप से कैपेसिटर लगाकर विद्युत विभाग को सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है। गर्मी के मौसम में धान, मक्का और चने की फसल में सिंचाई के लिये एक साथ कृषि पंप चलने से लोड बढ़ गया है। यह समस्या उन क्षेत्रों में गंभीर है जहां पंप कनेक्शनों का घनत्व ज़्यादा है, रबी फसल हेतु चिन्हाकित क्षेत्रों में कृषि पंपों का घनत्व बहुत ज़्यादा हो गया है। प्रत्येक पंप की मोटर इंडक्टिव (क्वाइल से बना) लोड है। जब एक साथ बहुतायत में पंप चलते हैं तो पूरे सिस्टम का लोड असंतुलित होकर बहुत ज़्यादा इंडक्टिव हो जाता है और विद्युत प्रणाली का पॉवर फ़ैक्टर कम हो जाता है। ऐसी स्थिति में ट्रांसफार्मर प्रणाली पर एक तरह की छद्म लोडिंग बढ़ जाती है और वोल्टेज कम हो जाता है। सभी विद्युत पंपो में पर्याप्त क्षमता का कैपेसिटर लगाया जाना आवश्यक है। कैपेसिटर नहीं लगाए जाने से वोल्टेज ड्राप होता है तथा मोटर अधिक करंट लेती है, जिससे मोटर की पानी निकालने की क्षमता कम हो जाती है, एवं जलने की संभावना भी बढ़ जाती है। इसके अलावा कुछ पंपो से एक डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर पर लोड़ बढ़ता है। कई वितरण ट्रांसफॉर्मर से 11 के.व्ही. लाइनों पर, फिर 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्रों पर तथा 33 के.व्ही. लाइनों, इस प्रकार पूरे ट्रांसमिशन सिस्टम पर लोड़ बढ़ता है, जिससे अत्याधिक लो वोल्टेज की समस्या आ जाती है।
    इसके लिये ज़रूरी है कि राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक किसान अपने पंप पर कैपेसिटर लगाये। इस समस्या के समाधान के लिये छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी अपने स्तर पर हर संभव प्रयास कर रही है जैसे पावर ट्रांसफ़ॉर्मरों की क्षमता वृद्धि, अतिरिक्त पावर ट्रांसफामरों की स्थापना, सबस्टेशनों में कैपेसिटर बैंक की स्थापना। साथ ही किसानों से अपने कृषि पंप कनेक्शन में उचित क्षमता के कैपिसिटर लगाने अनुरोध किया गया है।
    पॉवर कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि रबी फसल में प्रमुख रूप से धान लगाये जाने के कारण कृषि पंपों के माध्यम से खेतों में सिंचाई हेतु अधिक मात्रा में पानी के उपयोग होने से आकस्मिक रूप से विद्युत लाईनों एवं ट्रांसफार्मर पर अधिक भार आ गया है, जलस्तर नीचे जाने से पंप ज़्यादा लोड खींच रहे हैं। फलस्वरूप कुछ क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। अतः समस्त कृषकों से आग्रह है कि अपने स्थापित पंप के स्टार्टर के समीप कैपेसीटर स्थापित करें, ताकि कुछ सीमा तक लो-वोल्टेज की समस्या का निदान हो सके एवं पंप जलने की समस्या से बचा जा सके। यह प्रमाणित तकनीकी उपाय है और इससे समस्या तत्काल काफ़ी हद तक हल हो जाएगी।

      राजनांदगांव /शौर्यपथ / भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय अग्रवाल ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र 6-राजनांदगांव के लिए निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण हेतु विधानसभावार सहायक व्यय प्रेक्षक एवं लेखा दल का गठन किया है। प्रत्येक विधानसभा के सहायक व्यय प्रेक्षक भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली से आने वाले व्यय प्रेक्षक को सहायता प्रदान करेंगे। साथ ही संबंधित विधानसभा क्षेत्र के लेखा टीम को मॉनिटरिंग करेंगे। प्रत्येक लेखा दल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र-6 राजनांदगांव के प्रत्येक अभ्यर्थी के छायाप्रेषण रजिस्टर एवं साक्ष्यों का फोल्डर का दैनिक लेखा का रखरखाव अनुलग्नक-ख 13 में दिए गए फॉमेट में सहायक व्यय पे्रक्षक के मार्गदर्शन में करेंगे। लेखा टीम व्यय के मदों के प्रविष्टि करेंगे और प्रत्येक मद के सम्मुख अधिसूचित दर लिखेंगे, फिर प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए कुल व्यय की गणना करेंगे।
    विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 74-डोंगरगढ़ के लिए संभागीय लेखाधिकारी कार्यालय कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड राजनांदगांव श्री गोर्तिराज भास्कर को सहायक व्यय प्रेक्षक बनाया गया है। लेखा दल में सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक एवं करारोपण अधिकारी कार्यालय जनपद पंचायत डोंगरगढ़ श्री कोरेन लियुस कुजुर, लेखापाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला रेंगाकठेरा डोंगरगढ़ श्री महेश कुमार माघमारे, सहायक ग्रेड-2 कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगढ़ श्री चन्द्रकिशोर देवांगन, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगढ़ श्री दिनेश कुमार देवांगन शामिल है। लेखापाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बधियाटोला डोंगरगढ़ श्री रामकुमार देवांगन को रजिर्व में रखा गया है।
    विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 75-राजनांदगांव के लिए लेखाधिकारी कार्यालय अधिष्ठता शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव श्री टेकेन्द्र कुमार भट्ट को सहायक व्यय प्रेक्षक बनाया गया है। लेखा दल में सहायक लेखाधिकारी कार्यालय छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित राजनांदगांव श्री मुकेश कुमार सोनी, लेखापाल कार्यालय जिला हाथकरघा राजनांदगांव श्री डालचंद कोरी, सहायक ग्रेड-2 कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजनांदगांव श्री टीके महोबिया, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजनांदगांव श्री संतोष देवांगन को शामिल किया गया है। लेखापाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भर्रेगांव श्री राजेन्द्र कुमार रामटेके को रिजर्व में रखा गया है।
    विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 76-डोंगरगढ़ के लिए वरिष्ठ लेखाधिकारी कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग संभाग राजनांदगांव श्री मुकुल कुमार को सहायक व्यय प्रेक्षक बनाया गया है। लेखा दल में सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक कार्यालय जनपद पंचायत डोंगरगढ़ श्री ओम प्रकाश जैन, लेखापाल कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव श्री कामलेश कुमार हेड़ाऊ, सहायक ग्रेड-2 कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगांव श्री रामलाल साहू, डाटा एन्ट्री आपरेटर कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगांव श्री प्रकाश कौमार्य को शामिल किया गया है। लेखापाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बडग़ांव चारभांठा डोंगरगांव श्री सीएल पाथरे को रिजर्व में रखा गया है।
    विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 77-खुज्जी के लिए वरिष्ठ लेखाधिकारी कार्यालय कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग राजनांदगांव श्री निशान्त सिंह को सहायक व्यय प्रेक्षक बनाया गया है। लेखा दल सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक कार्यालय जनपद पंचायत छुरिया श्री प्रेमानंद रामटेके, लेखापाल मनरेगा जनपद पंचायत छुरिया श्री शंकर लाल चंद्रवंशी, सहायक ग्रेड-3 मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुरिया श्री हरिशंकर मेश्राम, सहायक ग्रेड-3 मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुरिया श्री चेतन लाल साहू को शामिल किया गया है। सहायक ग्रेड-2 कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगांव श्री विवेक शर्मा को रिजर्व में रखा गया है।

    राजनांदगांव/ शौर्यपथ / नवीन पुलिस चौकी सुकुल दैहान का शुभारंभ पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के द्वारा पूर्व संसद मधुसूदन यादव के विशेष आतिथ्य में सम्पन्न हुआ .नवीन पुलिस चौकी सुकुल दैहान के क्षेत्रान्र्तगत कुल 17 गांव होंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, एडीएम अरूण वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक  अमित पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम एवं सभापति जिला पंचायत राजनांदगांव  अशोक देवांगन व गांव के जनप्रतिनिधिगण , आम जनता की मौजूदगी में नवीन पुलिस चौकी का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
      पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने अपने उद्धबोधन में कहा कि पुलिस विभाग के साथ बिल्कुल ही बिना संकोच के साथ अपनी बात रखें, डर या भय के साथ बात न करें। जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। पुलिस जनता के साथ विश्वास कायम कर सके और जनता के बीच छोटा बच्चा हो या बुर्जुग हो अपना पीड़ा तथा समस्या को पुलिस के पास जाकर बता सके। जनता के सेवा भाव के लिये इस चौकी का संचालन किया जा रहा है। चाहे जनप्रतिनिधि हो, चाहे अधिकारी हो मूल रूप से हमारे उर्जा का एक एक पल का उपयोग जनता के भाव से शांति अमन के साथ हो।
       पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने कहा की नवीन पुलिस चौकी के क्षेत्रान्र्तगत कुल 17 गांव होंगे। पुलिस चौकी खुलने से आसपास के क्षेत्रों के ग्रामिणों को सुविधा के साथ ही पुलिस प्रशासन का सहयोग भी प्राप्त होगा, जिससे बढ़ते अपराधों को रोकने में सफलता मिलेगी, क्षेत्र में शांति स्थापित करना पुलिस का अहम उद्देश्य है। ग्राम सुकुलदैहान में पुलिस चौकी स्थापित किये जाने से क्षेत्र के जनता का पुलिस के प्रति विश्वास बढेगा एवं गुण्डा बदमाशों में भय का माहोल बना रहेगा। पुलिस चौकी सुकुलदैहान के प्रथम चौकी  भूषण चन्द्राकर एवं स्टाप को एसपी द्वारा निर्देशित किया गया कि पुलिस चौकी में आने वाले सभी प्रार्थी/आवेदकगणों को सुने व मामले का संज्ञान लेते हुये त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें साथ ही जनता से मधुर संबंध बनाये रखे।

    0 थाना घुमका पुलिस को सायबर क्राईम में मिली बडी सफलता।

    0 आरोपीयों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पीओएस मषीन, बायोमैट्रिक डिवाईस, एटीएम कार्ड, जप्त कर, दो बैंक खाताओं को फ्रीज किया गया।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / सेक्सटार्शन के नाम पर ब्लैकमेल कर फर्जी फोन-पे, गूगल-पे से खातों में रूपये मंगवाकर लोगों से ऑनलाईन ठगी करने वाले 6 लोगो को घुमका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना घुमका पुलिस व सायबर सेल की की संयुक्त टीम ने आरोपीयों को राजस्थान, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश के अलग-अलग हिस्सो से किया गिरफ्तार किया है l थाना घुमका क्षेत्रांतर्गत एक 26 वर्षीय युवक दिनांक 08.02.2024 को अपने घर से बिना बताये सायकल लेकर कहीं चला गया था। आसपास पता न चलने पर प्रार्थी पिता के द्वारा दिनांक 09.02.2024 को थाना घुमका में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराया। गुमशुदा की पतासाजी के दौरान दिनांक 12.02.2024 को गुमशुदा युवक का शव ग्राम गोपालपुर खेत में होने की सूचना मिलने पर थाना घुमका पुलिस, क्षेत्रीय फोरेंसिक टीम दुर्ग के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल व शव निरीक्षण किया गया साथ ही गुमशुदा युवक मृत हालत में बरामद होने पर थाना घुमका में मर्ग क्रमांक 05/24 धारा-174 द.प्र.संहिता के तहत कायम कर जांच कार्यवाही किया गया। जांच के दौरान मृतक के पीएम रिपोर्ट, मृतक युवक के मोबाईल नंबर, मृतक के द्वारा अंतिम बार बैंक खाता में किये गये पैसे ट्रांसफर एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य के अनुसार मृतक युवक को दो मोबाईल नंबरों के अज्ञात धारकों द्वारा एक राय होकर ब्लैकमेल कर फोन-पे के माध्यम से 2,000 रूपये ट्रांसफर करवाने के बावजूद लगातार मृतक को धमकी देकर भयभीत कर आत्महत्या हेतु उकसाने पर मृतक भय की वजह से दिनांक 08.02.2024 को अपने घर से बिना बताये निकलकर जहर सेवन कर आत्महत्या करना पाये जाने पर दिनांक 15.02.2024 को उक्त मोबाईल नंबरों एवं खाता धारक के विरूद्ध अपराध क्रमांक 25/2024, धारा-306,384,34 भादवि0 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण गंभीर प्रकृति के होने से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव मोहित गर्ग के निर्देषन एवं अतिरिक्त राहूल देव शर्मा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव दिलीप सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी थाना घुमका निरीक्षक विनय कुमार पम्मार के नेतृत्व में थाना घुमका व सायबर सेल राजनांदगांव से संयुक्त टीम गठित कर अविलंब आरोपी पतासाजी हेतु आरोपीयों के संभावित लोकेशन के आधार पर हरियाणा, राजस्थान व मध्यप्रदेश के लिए दिनांक 16.02.2024 को रवाना हुए थे जोकि आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त बैंक खाता के डिटेल के आधार पर मजदूरों के नाम पर फर्जी खाता खुलवाकर सेक्सटार्शन, ब्लैकमेल, एवं अन्य ऑनलाईन ठगी में खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी विक्की तनवर, अनीश खान, इरशाद खान को राजस्थान, हरियाणा के मध्य सीमा भिवाडी से दिनांक 21.02.2024 एवं विवेक निर्मश को उत्तर प्रदेश-राजस्थान सीमा के मध्य ग्राम पहाडीकला से 24.02.2024 को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया। इसी प्रकार मृतक पुखराज वर्मा निवासी घुमका थाना घुमका के प्रकरण में घटना में प्रयुक्त मोबाईल नंबरों को ट्रेस करते हुए थाना घुमका व सायबर सेल की टीम मध्यप्रदेश के अशोक नगर जिले के झीला व गुना क्षेत्र में जाकर पता किये जोकि पंजीकृत ग्राहकों को उनके नाम पर उक्त सीम नंबर चलने की जानकारी नहीं होना पता चला जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा फर्जी तरीके से मोबाईल नंबर एक्टीव कर आरोपी विवेक अहिरवार एवं बिजेन्द्र यादव को दिनांक 24.02.2024 को अशोक नगर जिले के शढौरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया । गिरफ्तार आरोपीयों ने बताया कि वे योजनाबद्ध तरीके से मोबाईल नंबरों को ग्रामीणों के नाम पर खरीदकर अपने पास रखकर उन नंबरों को ऑनलाईन ठगी व सेक्सटार्शन ब्लैकमेलिंग गिरोह में शामिल सदस्यों को प्रयोग करने के लिए दे देते हैं इस प्रकार गिरोह के लोग फर्जी मोबाईल नबरों से राजस्थान के भरतपुर जिले के ग्राम कामा, पहाडी, धरमशाला में बैठकर लोगों को कॉल कर ऑनलाईन ठगी, सेक्सटार्शन, ब्लैकमेलिंग करते हैं। अश्लील विडियो बनाकर सेक्सटार्शन के नाम पर ब्लैकमेल कर करते हैं ठगी - गिरोह में शामिल कुछ सदस्य फर्जी मोबाईल नंबरों एवं फेसबुक एकाउंट चलाकर लोगों के साथ चैंटिंग करते हुए उनके अश्लील विडियो बनाते है इसके बाद मोबाईल नंबर पर किसी पुलिस अधिकारी के नाम तथा यू-ट्यूब अधिकारी के नाम पर फर्जी प्रोफाईल बनाकर विडियो को डिलिट करवाने अथवा विडियो वायरल कर देने की धमकी देकर सेक्सटार्शन के माध्यम से उनके साथ ब्लैकमेल कर ठगी करते है। गिरफ्तार आरोपीयों से पुलिस टीम के द्वारा घटना में प्रयुक्त मोबाईल सेट, पीओएस मशीन, एटीएम कार्ड, 04 फर्जी बैंक खाता, फर्जी मोबाईल सीम, 01 बायोमैट्रिक डिवाईस आदि जप्त किया गया है साथ ही तीन बैंक खाताओं को फ्रीज करवाया गया है। गिरफ्तार 06 आरोपीयों को आज दिनांक को माननीय न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना घुमका से निरीक्षक विनय कुमार पम्मार, उप निरीक्षक विक्रांत सुरेश कुमार सिंह, आर0 गौतम सिंह बरगाह, अशोक यादव व सायबर सेल मनीष वर्मा, आदित्य सिंह, हेमंत साहू, जीवन ठाकुर, दीपक जाटवार, संजीव कुमार व अन्य योगेन्द्र साहू, हरीष सिन्हा की सराहनीय भूमिका रही।

    नागरिक इलेवन ए और पुलिस इलेवन के मध्य फायनल मुकाबला आज
    राजनांदगांव /शौर्यपथ / प्रशासन, पुलिस, प्रेस, पब्लिक सोसायटी द्वारा आयोजित पी-4 सद्भावना क्रिकेट लीग प्रतियोगिता 2024 के पहले सेमीफायनल मैच में नागरिक इलेवन सी ने नागरिक इलेवन ए को और दूसरे रोमांचक सेमीफायनल मैच में पुलिस इलेवन ने प्रशासन इलेवन को हराकर फायनल में जगह बना ली है। इस तरह पी-4 सद्भावना क्रिकेट लीग प्रतियोगिता 2024 का फायनल मुकाबला नागरिक इलेवन ए और पुलिस इलेवन के मध्य 25 फरवरी 2024 को संध्या 7 बजे से दिग्विजय स्टेडियम में खेला जाएगा। खेले गए सेमीफायनल मैच में पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री सचिन सिंह बघेल, ट्रस्टी आईबी गु्रप डॉ. रूबिना अंजुम अल्वी ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह ने प्रतियोगिता की प्रशंसा करते हुए आयोजन समिति और खिलाडिय़ों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नगर के जनमानस से दिग्विजय स्टेडियम जुड़ा हुआ है। यह भव्य स्टेडियम  को संजोय रखना हम सभी का दायित्व है। यहां निरंतर खेलों के आयोजन होते रहना चाहिए ताकि हमारे शहर व जिले की प्रतिभाएं विभिन्न खेलों के माध्यम से प्रदेश व देश का नाम रौशन करें।
    दिग्विजय स्टेडियम के प्राकृतिक घास के पिच पर दूधिया रौशनी में खेली जा रही प्रशासन, पुलिस, प्रेस, पब्लिक सोसायटी द्वारा आयोजित की जाने वाली पी-4 सद्भावना क्रिकेट लीग प्रतियोगिता 2024 में कल रात्रि खेले गये पहले सेमीफायनल मैच में गतवर्ष की उपविजेता नागरिक इलेवन सी ने एकबार फिर श्रेष्ठता साबित करते हुए दमदार नागरिक इलेवन ए को 13 रन से पराजित कर फायनल में पहुंची गई है। नागरिक इलेवन सी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और उसके बल्लेबाज सुनील साहू के 16 रन और शिवम चौधरी के 15 रन की बदौलत 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 78 रन बनाये थे। जिसके जवाब में नागरिक इलेवन की टीम 65 रन बनाकर ही सिमट गई। जिसमे ईश्वर सिन्हा ने 20 रन बनाये थे। नागरिक इलेवन सी की ओर से दौलतराम देवांगन ने 4 विकेट और फरमान अली ने 2 विकेट लेकर अपनी टीम कीे जीत में अहम भूमिका निभाई।
    दूसरे खेले गये संघर्षपूर्ण मैच में पुलिस इलेवन ने प्रशासन इलेवन को 9 रन से हराकर फायनल में पहुंची। पुलिस इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 74 रन बनाये थे। जिसमें ब्रजेश भदौरिया का 16 रन और नवरतन कश्यप का 14 रन का योगदान थां। इसके जवाब में प्रशासन इलेवन की टीम शुरूवात से ही पुलिस टीम के गेंदबाजी व क्षेत्ररक्षण को भेंद नहीं पाई और उसके बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट होते चले गये। पूरी टीम 65 रन पर आउट हो गई। पुलिस इलेवन की ओर से राजेश मिश्रा ने 3 विकेट और राहुल देव शर्मा व संजय बरेट ने 2-2 विकेट लिए। पुलिस इलेवन की जीत पर पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग ने मैदान पर पहुंचकर खिलाडिय़ों को बधाई व शुभकामनाएं दी और फायनल जीतने की पूरी उम्मीद जाहिर की। खेले गए मैच में भावेश बैद द्वारा प्रदत्त मैन-ऑफ-द-मैच का पुरस्कार पहले सेमीफायनल मैच में दौलतराम देवांगन नागरिक इलेवन सी और दूसरे सेमीफायनल मैच में राजेश मिश्रा पुलिस इलेवन को दिया गया। नागरिक इलेवन ए और पुलिस इलेवन के मध्य खेले जाने वाले फायनल मैच के लिए आयोजन समिति द्वारा खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाडिय़ों का उत्सावर्धन करने का आग्रह किया गया है।

    - जिले के लगभग 670 श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को आस्था स्पेशल ट्रेन से प्रभु श्री रामलला के दर्शन करने अयोध्या के लिए किया गया रवाना
    - श्रद्धालुओं के चेहरे पर साफ झलक रही थी रामलला के दर्शन हेतु जाने की खुशी
    - प्रभु श्री राम के जयकारों से गूंज उठा राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन
       राजनांदगांव /शौर्यपथ / सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने आज आस्था स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन से रवाना किया। सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि जिले के लगभग 670 श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को आस्था स्पेशल ट्रेन से प्रभु श्री रामलला के दर्शन करने अयोध्या के लिए रवाना किया गया है। इस ट्रेन में श्रद्धालु के लिए सभी प्रकार की व्यवस्था है। आस्था स्पेशल ट्रेन में भोजन, स्वल्पाहार, चिकित्सा, सुरक्षा एवं सर्वसुविधायुक्त है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में अतिथियों के लिए बहुत ही शानदार सत्कार करने का कार्यक्रम बनाया है। प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए पूरे देश के सभी प्रांतों से इसी प्रकार अयोध्या ट्रेन पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि हम सब का सौभाग्य है कि भगवान रामलला के दर्शन करेंगे।
    राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गई। श्रीरामलला के दर्शन करने के लिए लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। पूरा प्लेटफार्म जय श्रीराम, जय श्रीराम के नारे से गूंज उठा। इस मौके पर सभी श्रद्धालुओं के चेहरे पर रामलला के दर्शन की आतुरता व खुशी साफ झलक रही थी। अयोध्या धाम जाने के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के आंखों में भी रामलला के दर्शन के लिए अलग ही उत्साह देखने को मिला। स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों ने एक ही स्वर में कहा कि वह बेहद खुश है कि उन्हें अपने इस जीवन में अयोध्या धाम जाकर रामलला के दर्शन करने का मौका मिल रहा है। सभी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कारण ही हमें रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिला। इस अवसर पर श्री खूबचंद पारख, श्री भरत वर्मा, श्री राजेन्द्र गोलछा, श्री संतोष अग्रवाल, श्री रमेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision