
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
राजनांदगांव/शौर्यपथ /कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत जनपद पंचायत डोंगरगांव के ग्राम पंचायत खुज्जी में नवीन स्वीकृत आवास हितग्राहियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह के निर्देशन में जिला पंचायत की टीम द्वारा हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत वित्तीय, तकनीकी, आवास की पात्रता और आवास निर्माण के नियम एवं शर्तों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अभिसरण के माध्यम से मिलने वाले सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत डोंगरगांव के उपाध्यक्ष, सीईओ, एडिशनल सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, हितग्राही व ग्रामीणजन उपस्थित थे।
- डोंगरगढ़ जनपद पंचायत के ग्राम पेण्ड्री, अन्यानवागांव, खैरा, खुड़मुड़ी में हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण के संबंध में ली जानकारी
राजनांदगांव/शौर्यपथ / मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के ग्राम पेण्ड्री, अन्यानवागांव, खैरा, खुड़मुड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। जिला पंचायत सीईओ ने योजनांतर्गत स्वीकृत निर्माणाधीन आवासों के हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को आवास निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर संपूर्ण किस्त की राशि अतिशीघ्र प्राप्त करने कहा। उन्होंने कहा कि ग्राम में जिन हितग्राही द्वारा आवास निर्माण कार्य सबसे पहले पूर्ण किया जाएगा, उनको सम्मानित किया जाएगा। जिन पर हितग्राहियों ने आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही। सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह द्वारा योजना से संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों से समन्वय कर लगातार आवास निर्माण की देखरेख एवं निगरानी करने तथा हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद पंचायत स्तर के नोडल अधिकारी एवं ग्राम पंचायत स्तर में आवास पूर्णता में विशेष योगदान देने वाले सरपंच, सचिव रोजगार सहायक, महिला स्वसहायता समूह को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगढ़ सुश्री दिव्या ठाकुर, आवास प्रभारी जिला समन्वयक, आवास समन्वयक, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, क्षेत्र के आवास नोडल अधिकारी, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मिल संचालक से एक करोड़ 40 लाख रूपए की वसूली की कार्रवाई शुरू
कस्टम मिलिंग में लापरवाही के चलते 9 राईस मिलर्स पर हुई कार्रवाई
कुल 35877 क्विंटल धान एवं 14650 क्विंटल चावल जब्त
राजनांदगांव जिले में राईस मिलों के निरीक्षण का सिलसिला जारी
राजनांदगांव / शौर्यपथ / राजनांदगांव जिले में कस्टम मिलिंग के शेष मात्रा का चावल जमा कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा राईस मिलर्स के विरूद्ध जांच पड़ताल एवं कार्रवाई का अभियान अनवरत रूप से जारी है। एफसीआई और नान में कस्टम मिलिंग का चावल जमा कराने में लापरवाही बरतने वाले 9 मिलर्स के विरूद्ध प्रकरण दर्ज करने के साथ ही जांच पड़ताल में गड़बड़ी पकड़ में आने पर उनके मिलों से अब तक कुल 35,877 क्विंटल धान एवं 14,650 क्विंटल चावल जब्त किया गया है। जिला प्रशासन ने इसी सिलसिले में राजनांदगांव जिले के ग्राम राका स्थित मेसर्स एमजे फूड प्रोडक्ट को एक साल के लिए ब्लैक लिस्टेड करने के साथ ही एक करोड़ 40 लाख रूपए की वसूली की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि राईस मिलर्स द्वारा एफसीआई और नान में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के कस्टम मिलिंग का चावल जमा कराने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर निर्धारित है। इसमें लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के विरूद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रूख अख्तियार करते हुए जांच-पड़ताल एवं कार्रवाई का सिलसिला शुरू कर दिया है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिले के सभी राईस मिलर्स को कस्टम मिलिंग के शेष चावल की मात्रा को तेजी से जमा कराने के निर्देश दिए है।
खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी ने बताया कि खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा मेसर्स एमजे फूड प्रोडक्ट ग्राम राका डोंगरगढ़ की जांच की गई। जांच में मिल परिसर में कस्टम मिलिंग के तहत उठाव किये गये धान के विरूद्ध 5682.78 क्विंटल धान कम पाया गया। मिलर द्वारा कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा करने में रूचि नहीं दिखाने तथा धान की कस्टम मिलिंग नहीं करते हुए शासकीय धान की अफरा-तफरी की गई है, जिसके चलते संचालित राईस मिल मेसर्स एमजे फूड प्रोडक्ट ग्राम राका डोंगरगढ़ को एक वर्ष के लिए काली सूची में डाल दिया गया है। उक्त राईस मिल के संचालक द्वारा जिला विपणन अधिकारी में जमा बैंक गांरटी से मिल में कम पाये गये 5682.78 क्विंटल धान की राशि लगभग 1 करोड़ 40 लाख रूपए तत्काल वसूली किये जाने के निर्देश दिए गए है। जिले के राईस मिलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिसके परिपालन में अब तक जिले के 9 राईस मिलर्स पर कार्रवाई करते हुये कुल 35877 क्विंटल धान एवं 14650 क्विंटल चावल जप्त कर प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
राजनांदगांव /शौर्यपथ /मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने म्युनिसिपल स्कूल प्रांगण में नवा बिहान साईबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नवा बिहान साईबर जागरूकता रथ के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री दीपक झा, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग ने बताया कि 4 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2024 तक साइबर जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत गांव-गांव हाट बाजार में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जागरूक किया जा रहा है। रिंगटोन के माध्यम से शासकीय नंबरों के माध्यम से लोगों को सचेत किया जा रहा है एवं ओटीपी शेयर नहीं करने, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने कहा जा रहा है। अभी तक 1 लाख लोगों को इस मुहिम में जोड़ा गया है। नवा बिहान साईबर जागरूकता रथ के माध्यम से सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा नहीं करने, प्राइवेसी सेटिंग को सुरक्षित रखने, अनजान लोगों की फे्रंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने और किसी भी संदिग्ध ऑफर से बचने कहा जा रहा है। साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत पुलिस एवं हेल्पलाईन नंबर 1930 पर संपर्क करने कहा जा रहा है।
- रेडक्रास की प्रबंध समिति में श्री दामोदर दास मूंदड़ा चेयरमेन निर्वाचित
- अन्य सदस्यों को नई जिम्मेदारी मिली
राजनांदगांव/शौर्यपथ /कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा राजनांदगांव श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में रेडक्रास की साधारण सभा का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने बताया कि रेडक्रास की नियमावली के अनुसार प्रबंध समिति बैठक की प्रक्रिया में अध्यक्ष एवं सचिव का पद स्थायी रहता है। प्रबंध समिति के गठन के बाद चेयरमेन का चयन समिति सदस्य द्वारा करने के बाद उपाध्यक्ष, सहसचिव का चयन किया जाएगा। बैठक में श्री दामोदर दास मूंदड़ा को जिला प्रबंध समिति के चेयरमैन निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इस तरह श्री अशोक चौधरी व श्री हलीम बक्श गाज़ी को उपाध्यक्ष एवं श्री सुशील जैन को को सह सचिव निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचित पदाधिकारियों को कलेक्टर एवं बैठक में उपस्थित सभी ने बधाई दी। प्रबंध समिति में राज्य प्रबंध समिति के लिए पद्मश्री पुखराज बाफना ने नाम प्रस्तावित किया। प्रबंध समिति गठन पश्चात सचिव सह सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रतिवेदन पढ़ा। उन्होंने बताया कि रेडक्रास में चार संरक्षक सदस्य, 1650 आजीवन सदस्य है। साथ ही रेडक्रास की गतिविधियों के तहत पोषण किट, निक्षय मित्र किट, मरीज कोआर्थिक सहायता, नवरात्रि व्यवस्था एवं वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम, जन औषधि केन्द्र संचालन की जानकारी दी। आय व व्यय समिति के समक्ष रखा, जिसे अनुमोदित किया गया। बैठक में रेडक्रास सोसायटी द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर में रैन बसेरे संचालन हेतु नगर निगम द्वारा 25000 रूपए व्यय दिया जायेगा। जिसे संचालित करने की स्वीकृति, डोंगरगांव में वृद्धाश्रम को डोंगरगांव में समिति गठन कर संचालित करने की स्वीकृति दी गई। रक्तदान महादान के तहत जिला अस्पताल में रक्तदाता को रेडक्रास द्वारा प्रमाण पत्र एवं रिफ्रेसमेंट दिया जाने का अनुमोदित किया गया।
बैठक में बताया गया कि जिले में वृहद स्तर पर प्राथमिक चिकित्सा उपचार कार्यक्रम चलाकर गांव-गांव में वेलिंटियर तैयार कर प्रशिक्षित किया जाएगा। जिसके लिए जिले से दो डॉक्टर राज्य शाखा से प्रशिक्षित होकर आए है, जिनके माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही जूनियर रेडक्रास, यूथ रेडक्रास के विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। जिसके लिए शिक्षा विभाग व शासकीय दिग्विजय कॉलेज नोडल कॉलेज को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। रेडक्रास की आय की चर्चा करते हुए जेठी बाई धर्मशाला की दुकानों से किराया प्राप्त हो रहा है। जिसमे से कुछ दुकानों का बचा किराया जमा कराने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही रेडक्रास का सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में जिला प्रबंधक रेडक्रास सोसायटी श्री प्रदीप शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. चंद्रवंशी, मेडिकल कॉलेज से श्री अविन चौधरी, शासकीय दिग्विजय कॉलेज से सुश्री प्रियंका सिंह व सुश्री वंदना मिश्रा, रेडक्रास सोसायटी सदस्यो में श्री हेमंत तिवारी, श्री सुशील जैन, श्री रईस अहमद शकील, श्री अशोक मोदी, श्री उत्तम जैन, श्री सुशील पसारी, श्री राजेश जैन, श्री अलीम शिद्दकी, श्री पुरूषोत्तम तिवारी, श्री अशोक पांडे, श्री विनेश चोपड़ा, श्री प्रदीप शर्मा, जिला संगठक सह प्रबंधक रेडक्रास सोसायटी फरमासिस खुमेश साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
राजनांदगांव / शौर्यपथ / न्यू सिविल लाईन राजनांदगांव में नवरात्रि पर्व की 25 वर्षगांठ भक्ति, उत्साह, धूम-धाम एवं हर्ष के साथ मनाई जा रही है। न्यू सिविल लाईन दुर्गा पूजा उत्सव समिति द्वारा वर्ष 2000 से प्रतिवर्ष क्वांर नवरात्रि में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। समिति के कार्यकर्ता श्री अजय श्रीवास्तव ने बताया कि न्यू सिविल लाईन में इस नवरात्रि पर्व का रजत जयंती समारोह मनाया जा रहा है। न्यू सिविल लाईन कॉलोनी में वर्ष 2000 से कॉलोनी के सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं द्वारा इसकी फिर से शुरूआत की गई, तबसे लगातार मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर नवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है और आज 25वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव में इस समिति ने सार्वजनिक रूप से गरबा की शुरूआत की थी और महाआरती की भी शुरूआत की। प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी सभी मिलकर पूजा-अर्चना और गरबा करते हैं। न्यू सिविल लाईन दुर्गा पूजा उत्सव समिति में कोई अध्यक्ष या उपाध्यक्ष नहीं है, यहां सभी सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जो इस समिति की विशेषता है।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि पर्व के अवसर पर पूर्व सदस्य पुणे, उज्जैन, रायपुर, बिलासपुर से आए हैं और यहां ठहरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में नये आए सदस्य जुड़ते रहते हैं। कॉलोनी से जाने के बाद भी वे हमेशा समिति का सदस्य बने रहते हैं। इसी समिति के एक अन्य कार्यकर्ता श्री जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि यहां पारिवाकि रूप नवरात्रि पर्व मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि नवरात्रि पर्व की तैयारी 6 माह पूर्व शुरू हो जाती है। यहां सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी रहते हैं। समिति के कार्यकर्ताओं को जब कभी भी समय मिलता है तो वे नवरात्रि की तैयारी में अपना सहयोग देते है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से आय-व्यय को ऑनलाईन कर दिया गया है। इसकी जानकारी आमंत्रण कार्ड में भी दर्शाया जाता है।
नवरात्रि पर्व के दौरान न्यू सिविल लाईन में प्रतिदिन पंडाल में कॉलोनी की महिलाओं द्वारा भजन किया जाता है। पंडाल में मां दुर्गा की आरती के पश्चात प्रतिदिन छोटे बच्चों से लेकर युवा, महिलाएं, पुरूष सभी पारिवारिक माहौल में भक्ति गीतों में गरबा करते हैं। इसके अलावा अलग-अलग गतिविधियां बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, भजन संध्या, फैंसी ड्रेस एवं डांस प्रतियोगिता, प्रश्न मंच, ओपन माईक जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस आयोजन में कॉलोनीवासियों की सहभागिता पारिवारिक माहौल रहता है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1976 न्यू सिविल लाईन में नवरात्रि पर्व की शुरूआत हुई थी। नवरात्रि पर्व मनाने की सक्रियता को देखते हुए तत्कालीन कलेक्टर बीकेएस रे के नेतृत्व में जिला प्रशासन से संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों ने एक समिति गठित कर नवरात्रि शुरू की, जो राजनांदगांव में बहुत प्रसिद्ध रही। समिति के सक्रिय पदाधिकारियों के समय-समय पर स्थानांतरण के कारण मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना निरंतर नहीं हो पाई। किन्तु वर्ष 2000 से न्यू सिविल लाईन के सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर पुनः नवरात्रि में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर इसकी शुरूआत की, जो अनवरत चलते हुए इस वर्ष अपनी रजत जयंती मना रही है। न्यू सिविल लाईन में नवरात्रि पर्व में मां दुर्गा की पंचमी के दिन समिति के सभी सदस्यों द्वारा महाआरती, अष्टमी में माता की ओली भरने, नवमी के दिन कन्या पूजन और महाभोग किया जाता है। इन सभी कार्यक्रमों में कालोनी के पूर्व और नये निवासियों की सहभागिता और नवरात्रि में पारिवारिक वातावरण की झलक रहती है।
- श्रीमती लीला, गीता एवं क्रांति ने घर में नल लग जाने पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
राजनांदगांव /शौर्यपथ / जल जीवन मिशन योजना के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत घोरतलाव के आश्रित ग्राम चाबुकनाला में डिस्ट्रीब्यूशन 1000 मीटर पाईप लाइन का विस्तार कर हर घर में नल लगाया गया है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता मिशन श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में हर घर नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य बेहतर रूप में क्रियान्वन करते हुए ग्राम चाबुकनाला के ग्रामीणों के 48 परिवारों में सोलर के माध्यम 24 घंटे शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। सरपंच श्रीमती लीलाबाई कोठारी ने बताया कि पहले उनके ग्राम में पानी की काफी समस्या थी। कई बार अन्य ग्रामों से टैंकर के माध्यम से पानी मंगाया जाता था। अब जल जीवन मिशन के तहत उनके ग्राम में पाईप लाइन बिछाकर हर घर में नल कनेक्शन दिया गया है। घर-घर में नल कनेक्शन से शुद्ध पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा एक सतत अभियान चलाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। ग्राम में आज नल से जल के बेहतर उपयोग और बहने वाले पानी के सदुपयोग, सोखता गड्ढा निर्माण सहित जल संरक्षण के लिए समय समय पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। जिससे गांव में जल संरक्षण और जल के बेहतर उपयोग करने के प्रति जागरूकता आयी है। गांव के वार्ड नंबर 9 एवं 10 की निवासी श्रीमती क्रांति बाई कंवर एवं श्रीमती गीता बाई ने बताया कि पहले हैंडपंप के माध्यम से अपने घरों के लिए पानी लाती थीं। हैंडपंप के सामने लम्बी लाइन लगानी पड़ती थी। काफी मशक्कत के बाद पानी मिलता था, लेकिन अब जल जीवन मिशन योजना से घर में नल लगने के बाद पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल मिल रहा है। जिसका उपयोग पेयजल सहित निस्तारी के लिए करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जल जीवन मिशन योजना से घर में नल लगवाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
राजनांदगांव /शौर्यपथ / कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार कृषि विभाग की टीम द्वारा जिले में उर्वरकों के कालाबाजारी को रोकने के लिए सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के विक्रय परिसर का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा कोरोमण्डल प्राईवेट लिमिटेड काकीनाड़ा आंध्रप्रदेश कंपनी द्वारा निर्मित कॉम्प्लेक्स फर्टिलाइजर उर्वरक नमूने को उर्वरक गुण नियंत्रण प्रयोगशाला लाभाण्डी रायपुर से रिपोर्ट प्राप्त होने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कॉम्प्लेक्स फर्टिलाइजर उर्वरक के भण्डारण एवं वितरण तथा प्रदर्शन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है। रामगोपाल हरिप्रसाद अग्रवाल डोंगरगढ़ निजी उर्वरक विक्रेता से कोरोमण्डल प्राईवेट लिमिटेड काकीनाड़ा आंध्रप्रदेश कंपनी द्वारा निर्मित कॉम्प्लेक्स फर्टिलाइजर उर्वरक नमूने को उर्वरक गुण नियंत्रण प्रयोगशाला लाभाण्डी रायपुर भेजा गया था। कृषि विभाग द्वारा प्रयोगशाल से रिपोर्ट प्राप्त होने पर कोरोमण्डल प्राईवेट लिमिटेड काकीनाड़ा आंध्रप्रदेश कंपनी द्वारा निर्मित कॉम्प्लेक्स फर्टिलाइजर उर्वरक को अमानक घोषित किया गया। रिपोर्ट में उर्वरक में 1.5 प्रतिशत नमी होनी चाहिए जबकि जांच में 0.80 प्रतिशत नमी पाई गई। इसी तरह नाईट्रोजन 28 प्रतिशत होना चाहिए जबकि जांच में 24.03 प्रतिशत पाया गया। अमोनिकल नाइट्रोइजन 9 प्रतिशत होना चाहिए जांच में 9.01 प्रतिशत पाया गया। फास्फेट 28 प्रतिशत होना चाहिए जबकि जांच में 23.96 प्रतिशत पाया गया।
राजनांदगांव /शौर्यपथ /इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र राजनांदगाँव द्वारा कुलपति इंदिरा गाँधी कृषि वि.वि. रायपुर डॉ. गिरीश चंदेल एवं जोनल प्रोजेक्ट डायरेक्टर अटारी जबलपुर डॉ. एसआर के सिंह के सफल संरक्षण व निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एसएस टूटेजा के निर्देशानुसार एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. गुंजन झा के मार्गदर्शन में तिलहन फसलों की उन्नत किस्मों एवं उन्नत फसल उत्पादन तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामूहिक अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन एवं आदर्श तिलहन ग्राम परियोजना के तहत चयनित राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम खपरीकला एवं खैरागढ़ विकासखंड खैरागढ़ जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ग्राम मदराकुही में 300 एकड़ क्षेत्र में सोयाबीन फसल प्रदर्शन लगाया गया है। फसल प्रदर्शन के निरीक्षण व अवलोकनार्थ निदेशक विस्तार सेवाएं इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा तीन सदस्य सहित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद अटारी जबलपुर से एक वैज्ञानिक का निरीक्षण दल गठित किया गया था। निरीक्षण दल में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से डॉ. डीपी पटेल, डॉ. मनोज चंद्राकर एवं डॉ. द्विवेदी प्रसाद व भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद अटारी जबलपुर से डॉ. रंजीत सिंह थे। निरीक्षण दल द्वारा 5 अक्टूबर को प्रदर्शन सामूहिक अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन एवं आदर्श तिलहन ग्राम परियोजना के तहत चयनित ग्राम मदराकुही विकासखंड खैरागढ़ जिला खैरागढ़-छुईखदान- गंडई) एवं ग्राम खपरीकला राजनांदगाँव में सोयाबीन फसल का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर ग्राम मदराकुही में सोयाबीन फसल प्रक्षेत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने कृषकों की विभिन्न समस्याओं को जाना व कृषको की आय मे वृद्धि हेतु तिलहन फसलों की नवीन किस्में, उन्नत कृषि तकनीक व यंत्रीकरण को अपनाने को अपनाने की सलाह दी, साथ ही साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मदराकुही परिसर में एक पेड़ मां के नाम अंतर्गत आम की केसर किस्म के पौधों का वृक्षारोपण भी किया। निरीक्षण दल द्वारा कृषकों के प्रक्षेत्र में लगी सोयाबीन फसल प्रदर्शन की सराहना कर कृषि विज्ञान केंद्र राजनांदगांव के वैज्ञानिकों बधाई दी गई। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र राजनांदगांव की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा, वैज्ञानिक डॉ. अतुल डांगे एवं प्रोजेक्ट नोडल अधिकारी के रूप में डॉ. योगेन्द्र श्रीवास उपस्थित थे।
- व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का करें सहयोग
- बुजुर्ग, बच्चों, माताओं एवं दिव्यांगजनों को दर्शन के लिए पहले जाने का अवसर दें
- बुजुर्ग, बच्चों, माताओं एवं दिव्यांगजनों का ध्यान रखते हुए, सभी अपनी बारी आने पर करें दर्शन
राजनांदगांव /शौर्यपथ / श्रद्धा एवं आस्था के केंद्र डोंगरगढ़ माँ बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पदयात्री पहुंच रहे हैं। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से आग्रह किया है कि उपवास, पैदल चलने एवं भीड़ के कारण घबराहट और बैचेनी हो सकती है। श्रद्धालु दर्शन के लिए जल्दबाजी नहीं करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। बुजुर्ग, बच्चों, माताओं एवं दिव्यांगजनों को दिक्कत हो सकती है, उनका ध्यान रखते हुए सभी अपनी बारी आने पर दर्शन करें। भीड़ की अधिकता को देखते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं से यह अपील की है कि भीड़ में बुजुर्ग, बच्चों, माताओं एवं दिव्यांगजनों को पहले जाने का अवसर दें और भीड़ अधिक होने के कारण व्यवस्था बनाए रखने में सभी सहयोग करें। श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं विश्राम के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सहयोग करें।
- कृषि विज्ञान केन्द्र राजनांदगांव में दिखाया गया कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
- जिले में 119853 कृषकों को 25 करोड़ 85 लाख रूपए की राशि से किया गया लाभान्वित
राजनांदगांव /शौर्यपथ /प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महाराष्ट्र के वाशिम में आयोजित किसान सम्मेलन कार्यक्रम से किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त की राशि को सीधे किसानों के बैंक खाते में हस्तांतरित किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र राजनांदगांव में दिखाया गया। किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले में 119853 कृषकों को 25 करोड़ 85 लाख रूपए की राशि से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता घासी साहू, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव श्री सचिन बघेल, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि श्री बिसेसर साहू, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री चंद्रकृत साहू, सरपंच सुरगी श्री आनंद साहू उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जल संरक्षण के महत्व को बताते हुए जल संरक्षण के विभिन्न तरीकों को बताया। उन्होंने वर्तमान में बोर उत्खनन कार्य अधिक होने के कारण पानी के वाटर लेवल को बढ़ाने हेतु बोरवेल रिचार्जिंग के बारे विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अधिक से अधिक पौधरोपण, पुराने तालाबों में जल संग्रहण करने एवं ग्रीष्मकाल में धान की जगह कम पानी वाले फसल लगाने के लिए किसानों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन एवं तिलहन फसल लगाने, खेती की लागत को कम करने एवं उत्पादकता बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई। फसल चक्र परिवर्तन एवं धान खरीदी के बारे में बताया गया। कार्यक्रम को अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव श्री सचिन बघेल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा एक पेड़ मां के नाम के तहत वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केन्द्र प्रमुख डॉ. गुंजन झा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री नागेश्वर लाल पाण्डेय, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री विरेन्द्र आनंद, श्री. एसएस देशलहरे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती ईश्वरी ठाकुर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जेएस खेंगर, कृषि विकास अधिकारी श्रीमती रमशीला बोरकर, श्री याजवेन्द्र कटरे, श्री वैभव मंडावी, श्री चंद्रकांत साहू, श्री जितेन्द्र वर्मा, श्री प्रमोद नाग, श्री भरत उइके, श्रीमती सरिता रामटेके, श्रीमती मोनिका भगत, श्रीमती वंदना यादव सहित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र राजनांदगांव के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्रीमती अंजली घृतलहरे, श्री मनीष सिंह, श्री आशीष शुक्ला, श्री जितेन्द्र मेश्राम, श्रीमती मंजूलता मेरावी एवं कृषक व स्वसहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थी।
- 24वीें राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन आज
राजनांदगांव /शौर्यपथ /
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024 का समापन समारोह का आयोजन रविवार 6 अक्टूबर 2024 को दोपहर 1 बजे से अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री संतोष पाण्डेय उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता घासी साहू करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर नगर पालिक निगम राजनांदगांव श्रीमती हेमा देशमुख, पूर्व विधायक डोंगरगढ़ श्री रामजी भारती, पूर्व उपाध्यक्ष जनपद पंचायत छुरिया श्री रविन्द वैष्णव, पूर्व चेयरमेन छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन श्री नीलू शर्मा, समाजसेवी श्री राजेन्द्र गोलछा, समाजसेवी श्री लीलाधर साहू उपस्थित रहेंगे।
प्रतियोगिता में मेजबान दुर्ग संभाग ने बॉस्केटबॉल बालक व बालिका 17 वर्ष व 19 वर्ष के चारों ही वर्ग में विजेता बनी। वहीं अन्य खेलों में भी उसका प्रदर्शन अच्छा रहा। बेसबॉल 17 वर्ष बालक व बालिका में बिलासपुर जोन विजेता, बस्तर जोन उपविजेता एवं दुर्ग संभाग तीसरे स्थान पर रहा। दिग्विजय स्टेडियम में खेले गये बेसबॉल बालक 17 वर्ष में बिलासपुर जोन ने बस्तर जोन को 4-3 अंकों से हराकर विजेता बनी, बस्तर उपविजेता रही, वहीं दुर्ग संभाग ने रायपुर को 2-1 अंकों से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में भी फायनल में बिलासपुर व बस्तर के मध्य खेला गया। जिसमें बिलासपुर 4-3 अंकों के साथ विजेता रही तथा बस्तर उपविजेता रही दुर्ग जोन ने सरगुजा को पछाड़कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दिग्विजय स्टेडियम के ही इण्डोर स्टेडियम में खेले गये बॉस्केटबॉल 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग संभाग ने रायपुर को हराकर विजेता बनी रायपुर उपविजेता व तीसरे स्थान पर बिलासपुर रही। 19 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग ने रायपुर को पराजित कर विजेता बनी। रायपुर उपविजेता व बस्तर तीसरे स्थान पर रही। बॉस्केटबॉल 17 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग व रायपुर की टीमें फिर एक बार आमने-सामने रही। जिसमें दुर्ग विजेता, रायपुर उपविजेता व सरगुजा तीसरे स्थान पर रही। 19 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग ने रायपुर को पीछे छोड़ते हुए विजेता बनी। रायपुर उपविजेता व बस्तर तीसरे स्थान पर रही। अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही बालक व बालिका प्रतियोगिता के तहत बालिका वर्ग में मेजबान दुर्ग ने बिलासपुर को 5-0 गोल से, सरगुजा व बस्तर के मध्य खेला गया मैच 3-3 गोल की बराबरी पर रहा। बालक वर्ग में दुर्ग ने सरगुजा को 3-1 गोल से व बिलासपुर ने बस्तर को 2-0 गोल से पराजित किया।
- स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के समापन कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छताग्राहियों का किया गया सम्मान
- कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने ली स्वच्छता शपथ
राजनांदगांव/शौर्यपथ / राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देकर नमन किया गया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने निर्देशन में जिले के सभी जनपद पंचायतों में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद पंचायत छुरिया में स्वच्छ भारत दिवस एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू एवं अध्यक्ष जनपद पंचायत छुरिया श्रीमती किरण वैष्णव उपस्थित थी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती गीता साहू ने स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताग्राही समूह एवं बिहान कैडर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी ने स्वच्छता का संदेश देते हुए जनपद पंचायत परिसर में झाडू भी लगाई गई। कार्यक्रम में स्वच्छताग्राही समूह की महिलाओं द्वारा नुक्कड़ नाटक कर स्वच्छता के प्रति जनसामान्य को जागरूक किया गया।
इसी तरह जनपद पंचायत डोंगरगढ़ में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम श्री मनोज मरकाम ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच, सचिव, रोजगार सहायकों व स्वच्छता दीदी एवं शिक्षक सहित छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डोंगरगांव जनपद पंचायत के ग्राम अर्जुनी में 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर ग्राम अर्जुनी में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम पंचायत, सचिव, समूह एवं स्वच्छता दीदी को शॉल, श्रीफल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री मोहनीश साहू, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री दिनेश साहू, सीईओ छुरिया श्रीमती शिल्पा देवांगन, सीईओ डोंगरगढ़ दिव्या ठाकुर, सीईओ श्री नवीन कुमार, श्री होरीलाल साहू, सरपंच श्रीमती द्रौपति साहू, श्री देवेंद्र उईके, मेघा कुर्रे, सचिव श्री नील कुमार साहू सहित पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सचिव, रोजगार सहायक, बिहान कैडर्स, स्वच्छाग्राही दीदी, महिला समूह की दीदी सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।
- प्रतियोगिता 3 से 6 अक्टूबर तक अयोजित
- प्रदेश भर से खिलाड़ी हो रहे शामिल
राजनांदगांव /शौर्यपथ / 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ आज अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम गौरव पथ राजनांदगांव में किया गया। पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव ने इस प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रदेश भर से आए खिलाडिय़ों का स्वागत किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकानाएं दी। उन्होंने शिक्षा विभाग को इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राजनांदगांव जिले का चयन करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल उपस्थित थे। पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि जिले में हॉकी से लेकर सभी प्रकार की क्रीड़ाओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध हंै और इसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को है। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडिय़ों से कहा कि राजनांदगांव में आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाएं अच्छी तरह से संपन्न होगी और खिलाड़ी इससे जुड़ी अच्छी यादें लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा इस प्रतिस्पर्धा का भली-भांति संचालन किया जाएगा। इससे पहले पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव ने खिलाडिय़ों को शपथ भी दिलाई। इस दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिवागहन और गायत्री विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। खिलाडिय़ों द्वारा मार्चपास्ट किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री आदित्य खरे ने अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी संभाग के खिलाड़ी इस प्रतिस्पर्धा में भाग ले रहे हैं। इस वर्ष आयोजित होने वाली 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में तैराकी को पहली बार शामिल किया गया है। इस अवसर पर श्री रमेश पटेल, श्री शिव वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रदेश भर से आए खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 6 अक्टूबर 2024 तक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम गौरव पथ राजनांदगांव में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में हॉकी बालक व बालिका 19 वर्ष, बास्केटबॉल बालक व बालिका 17 वर्ष एवं 19 वर्ष, तैराकी बालक व बालिका 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष, वॉटरपोलो बालक 19 वर्ष, बेसबॉल बालक व बालिका 17 वर्ष, शतरंज बालक व बालिका 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष खेलों का आयोजन हो रहा है।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
