
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
Google Analytics —— Meta Pixel
रायपुर, । उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के खम्हारडीह क्षेत्र में 2500 किलोलीटर क्षमता की पानी टंकी निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 20.93 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना से करीब 2500 घरों को नियमित एवं बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
परियोजना के तहत वार्ड क्रमांक 9, 10, 30 और 31 में 25 किलोमीटर डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन तथा 2 किलोमीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राजधानी रायपुर का तेजी से विकास किया जा रहा है और शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने इसे खम्हारडीह क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, वहीं महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रवासियों के लिए स्थायी राहत लेकर आएगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदा नगर, कैंप-2 में रविवार सुबह पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के सामने वाले कमरे में जी विद्यावती (52 वर्ष) का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि अंदर के कमरे में उनके पति जी वेंकट रमन मूर्ति (55 वर्ष) फांसी के फंदे पर लटके हुए पाए गए।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया वेंकट रमन की मौत आत्महत्या प्रतीत होती है, जबकि विद्यावती के गले पर रस्सी से कसाव के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने पर मृतक की मां वहां पहुंची। उन्होंने बहू को मृत अवस्था में देखा और अंदर जाकर बेटे को फांसी पर लटका पाया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और पुलिस को सूचना दी गई।
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एक मोबाइल फोन मिला है, जिसका स्क्रीन लॉक है। मोबाइल की जांच के बाद मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक वेंकट रमन ऑटो चालक था और परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। दंपति का एक बेटा ओडिशा में कार्यरत है, जो घटना की सूचना मिलने के बाद भिलाई के लिए रवाना हो गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।
रायपुर / शौर्यपथ / सिकल सेल रोग नियंत्रण एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आनंद देव ताम्रकार को राज्य स्तरीय अलंकरण सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर स्थित होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें राजकीय गमछा, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान बस्तरिहा स्मृति-चिह्न तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आनंद देव ताम्रकार ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय क्षण बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ राज्य फिल्म विकास निगम की प्रथम अध्यक्ष सुश्री मोना सेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और मार्गदर्शन से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
ताम्रकार ने कहा कि वे भविष्य में भी सिकल सेल रोग नियंत्रण, स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंच सके।
यह सम्मान न केवल आनंद देव ताम्रकार के कार्यों की सराहना है, बल्कि सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने वाले सभी कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
रायपुर / शौर्यपथ / संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी पत्र दिनांक 12 जून 2026 के अनुसार राज्य की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विधिवत संचालन 16 जून 2026 (मंगलवार) से प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर प्रसारित की जा रही यह सूचना कि शैक्षणिक सत्र 01 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा, पूर्णतः असत्य, भ्रामक तथ्यों से परे एवं फर्जी है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों के संचालन की अधिकृत तिथि 16 जून 2026 ही है। अतः विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट एवं भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें।
रायपुर / शौर्यपथ / विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा लोकभवन में आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल एवं छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री रमेन डेका ने प्रदेश के 30 सर्वाधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि “दूसरे के जीवन की रक्षा करना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है और रक्तदान सबसे बड़ा दान है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के वास्तविक जीवनदाता हैं।” उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल, एनीमिया, कैंसर, हिमोफिलिया तथा दुर्घटना जैसी आपात स्थितियों में रक्त जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करता है।
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ के रक्तदाताओं की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों से निःस्वार्थ भाव से रक्तदान कर हजारों लोगों को नया जीवन दिया है। उन्होंने रेडक्रॉस ब्लड बैंक की टीम के कार्यों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस स्मारिका का विमोचन किया गया तथा लोकभवन में आयोजित रक्तदान शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। समारोह में रेडक्रॉस पदाधिकारियों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की। उन्होंने एनएचएम कर्मियों को स्वास्थ्य व्यवस्था की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती तथा स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हुई हैं। उन्होंने कोरोना काल में स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके समर्पण की प्रशंसा की।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों को कैशलेस उपचार योजना का लाभ मिलेगा तथा उनके लिए जीवन बीमा सुविधा भी लागू की गई है। इसके तहत सामान्य मृत्यु पर 6 लाख रुपये तथा दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1.40 करोड़ रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” की सफलता, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी तथा 116 नए विशेषीकृत स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद एनएचएम कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की सौजन्य भेंट
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय एवं निरंतर संवाद की भावना ने विकास कार्यों को नई गति प्रदान की है। इसी सहयोगात्मक दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच मजबूत साझेदारी से अधोसंरचना विकास, उद्योग, रोजगार, कौशल विकास तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर निर्मित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी सहयोग और समन्वय से छत्तीसगढ़ के विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में सहायता प्राप्त होगी। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित थे।
पेरिस/नई दिल्ली, । फ्रांस में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-फ्रांस संबंधों को साझा मूल्यों, नवाचार और वैश्विक दृष्टि पर आधारित साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस केवल रणनीतिक सहयोगी नहीं, बल्कि मानवता की चुनौतियों के समाधान के लिए साथ काम करने वाले साझेदार हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और देश के 2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स कृषि, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरिक्ष, रक्षा, ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर के समाधान विकसित कर रहे हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की प्राथमिकता “Technology for Humanity” और “AI for All” है। भारत का मानना है कि किसी भी नवाचार की वास्तविक सफलता उसके मूल्यांकन (Valuation) में नहीं, बल्कि उसके मानवीय प्रभाव (Human Impact) में निहित होती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि पिछले 11-12 वर्षों में स्टार्टअप इंडिया, अटल टिंकरिंग लैब्स, हैकाथॉन, अनुसंधान संस्थानों और नवाचार केंद्रों के विस्तार से देश में मजबूत नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र विकसित हुआ है। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, रक्षा एवं अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्टअप्स की सक्रियता तथा हाल में परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में किए गए सुधारों को उन्होंने भारत के तकनीकी भविष्य की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कहा कि एक दशक पहले दुनिया भारत को तकनीक अपनाने वाले देश के रूप में देखती थी, जबकि आज भारत तकनीक और समाधान उपलब्ध कराने वाले देश के रूप में उभर रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित वैश्विक निवेशकों, विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे भारत में आकर डिजाइन, विकास, संयुक्त अनुसंधान, सह-निर्माण और दीर्घकालिक साझेदारी के नए अवसरों का लाभ उठाएं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि “Bharat Innovates” दुनिया को भारत के साथ मिलकर वैश्विक नवाचार के अगले अध्याय का सह-निर्माण करने का निमंत्रण है।
तीस हजारी फैमिली कोर्ट में भावनाओं का अनोखा दृश्य, कानूनी लड़ाई के बीच मानवता की मिसाल बनी पति की संवेदनशीलता, टूटता परिवार फिर हुआ एक
नई दिल्ली। कभी एक-दूसरे के खिलाफ अदालत में खड़े शिखा सिंह और सौरभ की कहानी ने दिल्ली के तीस हजारी फैमिली कोर्ट में मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं। तलाक की दहलीज तक पहुंच चुके इस दंपति के रिश्ते को आखिरकार किसी कानूनी दलील ने नहीं, बल्कि इंसानियत, संवेदना और परिवार के प्रति जिम्मेदारी ने बचा लिया।
वर्ष 2020 में विवाह बंधन में बंधे शिखा और सौरभ के रिश्तों में समय के साथ खटास बढ़ती गई। विवाद इतना गहरा गया कि शिखा ने सौरभ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा दिया और मामला अदालत तक पहुंच गया। दोनों के बीच संवाद लगभग समाप्त हो चुका था और तलाक की प्रक्रिया चल रही थी।
इसी बीच परिस्थितियों ने अचानक ऐसा मोड़ लिया, जिसने दोनों के जीवन की दिशा बदल दी। शिखा के पिता को गंभीर हार्ट अटैक आया और उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई। जब यह खबर सौरभ तक पहुंची, तो उन्होंने पुराने विवाद, आरोप और अदालत की लड़ाई को एक तरफ रख दिया। बिना किसी हिचकिचाहट के वे अस्पताल पहुंचे और अपने ससुर के इलाज की जिम्मेदारी संभाली।
सौरभ ने उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गुरुग्राम के प्रतिष्ठित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया तथा इलाज में हर संभव सहयोग किया। समय पर मिले उपचार और देखभाल के कारण शिखा के पिता की जान बच गई।
इसके बाद जब अगली सुनवाई के लिए दोनों तीस हजारी फैमिली कोर्ट पहुंचे, तो माहौल पूरी तरह बदल चुका था। शिखा ने महसूस किया कि रिश्ते केवल विवादों और आरोपों से नहीं, बल्कि मुश्किल समय में निभाए गए साथ और संवेदनाओं से भी परिभाषित होते हैं। सौरभ की मानवता और परिवार के प्रति उनके समर्पण ने उनके मन में जमी नाराजगी को पिघला दिया।
अदालत परिसर में ही भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शिखा ने तलाक से जुड़े दस्तावेज फाड़ दिए और सौरभ को गले लगाकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। दोनों ने अपने सारे मतभेद भुलाकर एक नई शुरुआत करने और साथ रहने का निर्णय लिया।
यह घटना केवल एक दंपति के पुनर्मिलन की कहानी नहीं, बल्कि इस बात का जीवंत उदाहरण है कि कभी-कभी रिश्तों को बचाने के लिए कानूनी फैसलों से अधिक जरूरी इंसानियत, संवेदनशीलता और मुश्किल वक्त में दिया गया साथ होता है। प्रेम जब करुणा और जिम्मेदारी के रूप में सामने आता है, तो टूटते हुए रिश्तों को भी फिर से जोड़ सकता है।
चार दुकानों की जांच में भारी स्टॉक कमी उजागर, जिला खाद्य विभाग की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल
दुर्ग। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में सामने आ रही करोड़ों रुपये के राशन घोटाले जैसी गंभीर अनियमितताओं ने जिला खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। विडंबना यह है कि विभागीय जांच प्रतिवेदनों में बार-बार एक ही व्यक्ति का नाम सामने आने, लाखों रुपये मूल्य के खाद्यान्न की कमी पाए जाने और स्वयं जांच अधिकारियों द्वारा अनियमितताओं की पुष्टि किए जाने के बावजूद अब तक किसी भी प्रकार की आपराधिक कार्रवाई या एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
जिला खाद्य विभाग के रिकॉर्ड में उपलब्ध चार अलग-अलग जांच प्रतिवेदनों का अध्ययन करने पर चौंकाने वाले तथ्य सामने आते हैं। इन सभी मामलों में किसी न किसी रूप में नवीन राजपूत का नाम दुकान संचालन और खाद्यान्न वितरण से जुड़ा हुआ पाया गया है।
पहली जांच : 490 क्विंटल से अधिक चावल का अंतर
24 जनवरी 2025 को आईडी 431001006 की आकस्मिक जांच में ऑनलाइन स्टॉक और भौतिक स्टॉक के बीच भारी अंतर पाया गया। जांच प्रतिवेदन के अनुसार लगभग 490.66 क्विंटल चावल तथा 14 लीटर केरोसिन भौतिक रूप से कम पाया गया। विक्रेता ने इस संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बताया कि वह केवल नवीन राजपूत के निर्देश पर खाद्यान्न वितरण करता है।
दूसरी जांच : 1169 क्विंटल चावल का अंतर
7 दिसंबर 2024 को आईडी 431001025 की जांच में स्थिति और भी गंभीर मिली। विभागीय प्रतिवेदन के अनुसार 1169.72 क्विंटल चावल, 1.12 क्विंटल शक्कर, 4.19 क्विंटल नमक तथा 21 लीटर केरोसिन स्टॉक में कम पाया गया।
जांच के दौरान विक्रेता ने स्वीकार किया कि वह केवल खाद्यान्न वितरण का कार्य करता है और संचालन संबंधी निर्देश नवीन राजपूत द्वारा दिए जाते हैं।
तीसरी जांच : मोहन नगर पश्चिम दुकान में 431 क्विंटल चावल कम
20 फरवरी 2025 को आईडी 431001017 की जांच में भी 431.03 क्विंटल चावल भौतिक रूप से कम पाया गया। यहां स्वयं नवीन राजपूत का कथन दर्ज किया गया जिसमें उन्होंने तकनीकी कारणों और एपीएल-बीपीएल स्टॉक के मिश्रित प्रदर्शन का तर्क दिया।
प्रश्न यह है कि यदि वास्तव में तकनीकी समस्या थी तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को क्यों नहीं दी गई? और यदि दी गई थी तो उसका रिकॉर्ड कहां है?
चौथी जांच : दुकान का पूरा संचालन नवीन राजपूत के हाथ में होने की स्वीकारोक्ति
आईडी 431001073 की जांच रिपोर्ट सबसे गंभीर मानी जा रही है।
प्रतिवेदन में उल्लेख है कि:
दुकान की अध्यक्ष को स्टॉक और रिकॉर्ड की जानकारी नहीं थी।
नियुक्त विक्रेता कार्य नहीं कर रही थी।
किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल पर OTP प्राप्त कर ई-पॉस मशीन संचालित की जा रही थी।
नवीन राजपूत ने स्वीकार किया कि दुकान का पूर्ण संचालन उनके द्वारा किया जाता है।
उन्होंने कम पाए गए खाद्यान्न की भरपाई दो माह में करने की बात भी कही।
यह स्वीकारोक्ति अपने आप में कई गंभीर प्रशासनिक और आपराधिक प्रश्न खड़े करती है।
आखिर एफआईआर क्यों नहीं?
यदि कोई सामान्य नागरिक हजार या दो हजार रुपये की चोरी के आरोप में पकड़ा जाता है तो पुलिस तत्काल अपराध दर्ज कर कार्रवाई करती है। लेकिन यहां विभागीय रिकॉर्ड में सैकड़ों-हजारों क्विंटल खाद्यान्न की कमी दर्ज होने, बार-बार अनियमितताएं सामने आने और लाखों रुपये मूल्य के सरकारी राशन का हिसाब नहीं मिलने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना आश्चर्यजनक है।
जानकारी के अनुसार अप्रैल 2025 तक जिले में लगभग 9 करोड़ रुपये मूल्य के खाद्यान्न की कमी से संबंधित मामलों का संज्ञान विभाग द्वारा लिया जा चुका था। यदि यह तथ्य सही है तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि इतने बड़े वित्तीय नुकसान के मामलों में आपराधिक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
क्या कलेक्टर को पूरी सच्चाई बताई जा रही है?
जिले में लगातार सामने आ रही जांच रिपोर्टों और विभागीय नोटशीटों के बावजूद यदि कार्रवाई केवल नोटिस, जवाब-तलब और फाइलों तक सीमित है तो यह भी जांच का विषय है कि कहीं जिला प्रशासन और कलेक्टर स्तर तक मामलों की गंभीरता को कम करके तो प्रस्तुत नहीं किया जा रहा।
क्योंकि उपलब्ध दस्तावेज बताते हैं कि अनियमितताएं कोई एक बार की घटना नहीं बल्कि लगातार सामने आ रही हैं।
नई दुकानों का आवंटन और पुराने सवाल
इसी बीच नई राशन दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। ऐसे समय में सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जिन मामलों में जांच प्रतिवेदन तैयार हो चुके हैं, वहां जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध क्या दंडात्मक कार्रवाई होगी?
क्या लाखों रुपये मूल्य के राशन की कमी को केवल विभागीय नोटिसों तक सीमित कर दिया जाएगा?
क्या दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होगी?
क्या राशन घोटाले की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी?
क्या जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी समीक्षा होगी?
जनता जानना चाहती है जवाब
दुर्ग शहर प्रदेश के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों का राजनीतिक केंद्र माना जाता है। ऐसे में सार्वजनिक वितरण प्रणाली जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था में सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर यदि कठोर कार्रवाई नहीं होती तो इससे पूरे तंत्र की विश्वसनीयता प्रभावित होगी।
अब निगाहें जिला प्रशासन, कलेक्टर दुर्ग और खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं। जनता यह जानना चाहती है कि सरकारी राशन के लाखों रुपये के इस कथित खेल में आखिर जिम्मेदार कौन है और उन पर कार्रवाई कब होगी?
क्योंकि जांच प्रतिवेदन तो बहुत कुछ कह रहे हैं, लेकिन कार्रवाई अब भी सवालों के घेरे में है।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
