August 10, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    शौर्यपथ

    शौर्यपथ

    262 विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 16.90 करोड़ रुपये स्वीकृत, सौर ऊर्जा व दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं होंगी उपलब्ध

        रायपुर । ग्रामीण क्षेत्रों की स्कूली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट 'गरिमा' के तहत जिले के 262 विद्यालयों में मॉडल बालिका शौचालय निर्माण के लिए 16.90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह कार्य वीबी जीरामजी, गौण खनिज निधि और डीएमएफ के सहयोग से कराया जाएगा।
    परियोजना के तहत 5 लाख और 7 लाख रुपये लागत के दो मॉडल विकसित किए गए हैं। इन शौचालयों में सौर ऊर्जा आधारित बिजली व्यवस्था, कन्सील्ड फ्लश सिस्टम, उच्च गुणवत्ता के सेनेटरी उपकरण, प्रेशर बूस्टर के माध्यम से जलापूर्ति तथा दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
    निर्माण कार्यों के लिए कुल 1690.82 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें 1308.82 लाख रुपये वीबी जीरामजी, 30 लाख रुपये गौण खनिज मद तथा 352 लाख रुपये डीएमएफ से दिए जाएंगे। निर्माण एजेंसी के रूप में ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
    निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालन अभियंता, आरईएस द्वारा मॉडल प्राक्कलन तैयार किया गया है। साथ ही सरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों और तकनीकी अमले को निर्माण मानकों का प्रशिक्षण देकर सभी विकासखंडों में तकनीकी निगरानी के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा रहा है।

    सभी CCTV कैमरे 24×7 चालू रखने के निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था की होगी नियमित निगरानी
    धमतरी। जिले में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्रीमती भावना पांडेय ने सभी बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक परिसरों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे 24×7 चालू और रिकॉर्डिंग मोड में रहना अनिवार्य होगा। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधितों की जवाबदेही तय की जाएगी।

    एसएसपी के निर्देश पर धमतरी पुलिस बैंक प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर रही है। बैंकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रवेश एवं निकास द्वार, कैश काउंटर, लॉकर, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह कार्यशील रहें तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।

    पुलिस ने बैंक प्रबंधकों को अलार्म सिस्टम, सुरक्षा उपकरणों और निगरानी व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैंक परिसर एवं आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क नजर रखने और किसी भी असामान्य घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने को कहा गया है।
    धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

      धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश परजिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने गुरुवार को विकासखंड नगरी के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा तैयारियों एवं शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, नियमित मूल्यांकन और बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
    निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरेगांव में मासिक परीक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, विषयवार अध्यापन और विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। अनियमित विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी ब्लूप्रिंट के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरगुड़ी में उपचारात्मक (रिमेडियल) कक्षाओं एवं विद्यालय विकास योजना की समीक्षा की गई। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान संध्या प्रार्थना नियमित नहीं होने की जानकारी मिलने पर इसे तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
    पीएम श्री श्रृंगी ऋषि सेजेस शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरी में स्मार्ट बोर्ड और इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से हो रही आधुनिक शिक्षण व्यवस्था की डीईओ ने सराहना की। उन्होंने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को 'रासायनिक आबंधन' विषय पढ़ाया तथा प्रतियोगी परीक्षाओं NEET और JEE की तैयारी के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर विशेष मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
    निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कीर्ति कुमार साहू एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कलीराम साहू भी उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों से अनुशासन, नियमित उपस्थिति और उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

    वर्षों पुरानी मांग पूरी, ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर प्रशासनिक और जनसुविधाएं

    धमतरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पावद्वार में लंबे समय से लंबित नवीन पंचायत भवन निर्माण की मांग पूरी होने पर गुरुवार को विधायक अंबिका मरकाम ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि ग्राम पंचायत भवन ग्रामीण स्वशासन की आधारशिला है। यह भवन केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनभागीदारी और ग्राम विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि भवन बनने के बाद ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु पंजीयन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ अधिक सुव्यवस्थित तरीके से मिल सकेगा।
    उन्होंने बताया कि पंचायत भवन में ग्राम सभा, पंचायत बैठकें, महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, युवाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी बेहतर संचालन होगा। विधायक ने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच राकेश नेताम ने की। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, जिला पंचायत सदस्य गरिमा नेताम, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भानेन्द्र ठाकुर, सरपंच संघ अध्यक्ष उमेश देव सहित जनप्रतिनिधि, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पंचायत भवन की स्वीकृति के लिए विधायक अंबिका मरकाम का आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्राम पावद्वार के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

    पोक्सो, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति 200 विद्यार्थियों को दी महत्वपूर्ण जानकारी

    धमतरी। धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र स्थित महानदी एकेडमी, देउरपारा में गुरुवार को 'सुरक्षित बचपन–सुरक्षित भविष्य' अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के करीब 200 छात्र-छात्राओं को पोक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
    यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक भावना पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे के निर्देशन तथा एसडीओपी विपिन रंगारी एवं थाना प्रभारी उमेश पाटिल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को "मेरा शरीर मेरा है" का संदेश देते हुए NO–GO–TELL का मंत्र समझाया और बताया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी बिना डरे अपने माता-पिता, शिक्षकों, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या डायल 112 पर दें।
    कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ट्रैफिक सिग्नलों के पालन तथा मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने की सीख दी गई। वहीं साइबर सुरक्षा सत्र में ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया, गेमिंग और यूपीआई धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताते हुए OTP, पासवर्ड और निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई।

    कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। महानदी एकेडमी के डायरेक्टर मोहन नाहटा एवं विद्यालय स्टाफ ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। थाना प्रभारी उमेश पाटिल ने कहा कि बच्चों में कानूनी एवं सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले के अन्य विद्यालयों में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

    समय पर पहचान और निःशुल्क उपचार से हुआ सफल हृदय ऑपरेशन

    रायपुर / कई बार समय पर हुई एक छोटी-सी पहल किसी की पूरी जिंदगी बदल देती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश तथा कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में संचालित जिला प्रशासन के नवाचार 'प्रोजेक्ट धड़कन' ने एक बार फिर ऐसा ही उदाहरण प्रस्तुत किया है। ग्राम सरोरा की महज डेढ़ माह की बालिका रूचिता पटेल के हृदय में छेद की समय पर पहचान कर उसका पूरी तरह निःशुल्क सफल ऑपरेशन कराया गया। आज रूचिता स्वस्थ है और उसके परिवार के चेहरे पर लौट आई मुस्कान, प्रोजेक्ट धड़कन की संवेदनशील और प्रभावी पहल की बड़ी सफलता है।

    रूचिता को डेढ़ माह की आयु में सर्दी-जुकाम की शिकायत होने पर परिजन उसे चिकित्सक के पास लेकर गए। प्रारंभिक जांच के दौरान चिकित्सक ने उसकी हृदय गति सामान्य से अधिक पाई और विस्तृत जांच की सलाह दी। इसी दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में परिजनों ने बालिका की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने तत्काल प्रोजेक्ट धड़कन की टीम से संपर्क किया।

    प्रोजेक्ट धड़कन की टीम ने परिवार को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए तत्काल चिकित्सकीय प्रक्रिया प्रारंभ कराई। तिल्दा स्थित निजी अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि रूचिता के हृदय में 8 एमएम का छेद है। इसके बाद प्रोजेक्ट धड़कन के समन्वय से रायपुर के अस्पताल में उसका पूरी तरह निःशुल्क हृदय ऑपरेशन कराया गया। सफल शल्य चिकित्सा के बाद लगभग 15 दिनों के उपचार उपरांत रूचिता को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

    रूचिता के पिता श्री युगल पटेल मिस्त्री का कार्य करते हैं तथा माता श्रीमती विश्वासा पटेल गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति महंगे उपचार का खर्च वहन करने की नहीं थी। ऐसे समय में प्रोजेक्ट धड़कन के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध होने से परिवार को बड़ी राहत मिली।

    आज रूचिता पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन व्यतीत कर रही है। परिजनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, प्रोजेक्ट धड़कन की टीम एवं उपचार में सहयोग करने वाले चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता और उपचार से उनकी बेटी को नया जीवन मिला है।
    जिले में संचालित प्रोजेक्ट धड़कन के तहत अब तक 1,69,353 से अधिक बच्चों की हृदय संबंधी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। स्क्रीनिंग के दौरान 165 संदिग्ध मामलों की पहचान हुई, जिनमें से 40 बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि हुई। इनमें 24 बच्चों का सफल हृदय ऑपरेशन कराया गया, जबकि 15 बच्चों का उपचार एवं नियमित फॉलो-अप जारी है।

    5 हजार बिहान एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं का होगा सम्मान, विकास कार्यों की सौगात मिलने की संभावना

    शौर्यपथ संवाददाता, डौंडीलोहारा (बालोद)। बालोद जिले के डौंडीलोहारा में 25 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा मंडल द्वारा आयोजित इस वृहद कार्यक्रम में जिलेभर की बिहान एवं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 5 हजार महिलाओं का सम्मान किए जाने की तैयारी है। संगठन इसे महिला सशक्तिकरण और सम्मान को समर्पित क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन मान रहा है।
    प्रस्तावित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। उनके साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कांकेर सांसद भोजराज नाग, वेयरहाउस कॉर्पोरेशन अध्यक्ष चंदूलाल साहू, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पांडे, सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किए जाने की भी संभावना है। इससे क्षेत्र को विकास की कई नई सौगातें मिलने की उम्मीद है।
    कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन ने युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। वेयरहाउस कॉर्पोरेशन अध्यक्ष एवं विधानसभा प्रभारी चंदूलाल साहू, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं बालोद जिला प्रभारी संध्या परगनिहा, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, पूर्व जिला महामंत्री देवेंद्र जायसवाल, मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेद सिंह टेकाम, उपाध्यक्ष नेहा उपाध्याय तथा रेगाडबरी सोसायटी अध्यक्ष निरंजन पटौदी ने मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमति प्रदान की है।
    भाजपा का मानना है कि हजारों महिलाओं की सहभागिता वाला यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, स्व-सहायता समूहों के सम्मान और ग्रामीण विकास का बड़ा संदेश देगा। संगठन का दावा है कि यह कार्यक्रम डौंडीलोहारा क्षेत्र के सबसे बड़े सामाजिक एवं राजनीतिक आयोजनों में से एक होगा, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।

    धमतरी पुलिस की सशक्त विवेचना से पॉक्सो कोर्ट में अपराध सिद्ध, विवेचक निरीक्षक टुमन लाल टडसेना होंगे सम्मानित
    धमतरी। नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में धमतरी की विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी राकेश मंडावी (28), निवासी ग्राम सियादेही, थाना केरेगांव को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास (शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक) की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर विभिन्न धाराओं के तहत सजा के साथ 5 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
    यह मामला थाना केरेगांव के अपराध क्रमांक 20/2025 से संबंधित है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में की गई प्रभावी विवेचना के आधार पर माननीय अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी/पॉक्सो), धमतरी ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में 7 वर्ष, धारा 87 में 10 वर्ष के सश्रम कारावास तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत आजीवन कारावास से दंडित किया। न्यायालय ने आरोपी द्वारा जमा 7 हजार रुपये की राशि पीड़िता को प्रतिकर के रूप में उसके अभिभावक के माध्यम से प्रदान करने के भी निर्देश दिए।
    प्रकरण की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक टुमन लाल टडसेना ने वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत तरीके से करते हुए मजबूत साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत किए, जिसके चलते आरोपी को कठोर सजा दिलाने में सफलता मिली। उत्कृष्ट विवेचना के लिए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने निरीक्षक टडसेना को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।
    धमतरी पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत त्वरित और गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

    गुंडरदेही पुलिस ने पांच लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए, सूने मकान में हुई चोरी का कुछ ही दिनों में किया खुलासा

       शौर्यपथ संवाददाता, गुंडरदेही (अजय देशमुख)। गुंडरदेही पुलिस ने ग्राम ओटेबंध में सूने मकान से हुई करीब पांच लाख रुपये की चोरी का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी नवीन बोरकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से कुछ ही दिनों में चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए चोरी गए अधिकांश सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।

    पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मौके का बारीकी से निरीक्षण कर सभी साक्ष्य जुटाए गए। शुरुआती दौर में कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर भी पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। जांच के दौरान दुर्ग-भिलाई से सब्जी बेचने आने वाले कुछ ऑटो चालकों की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी निगरानी और तकनीकी विश्लेषण तेज किया। लगातार जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर प्रेम शंकर (24), सत्यमूर्ति बंगाली (25), अब्दुल वहीद (43) और विलेस दास (30), निवासी कैंप-भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

    आरोपियों की निशानदेही पर एक सोने का गुलबंद, एक सोने का लॉकेट, दो जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने की चेन, आठ जोड़ी चांदी की पायल और 17 चांदी के सिक्के बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। चोरी की संपत्ति वापस मिलने से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से चारों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

    थाना प्रभारी नवीन बोरकर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि आधुनिक तकनीक, सतर्क निगरानी और प्रभावी टीमवर्क के बल पर अपराधियों के लिए कानून से बच निकलना आसान नहीं है। यह सफलता क्षेत्र में पुलिस के प्रति आमजन के विश्वास को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है।

      शौर्यपथ संवाददाता, गुंडरदेही। बालोद जिले के गुंडरदेही एवं अर्जुदा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय बाजारों में बिना निर्माण तिथि (Manufacturing Date), एक्सपायरी डेट (Expiry Date), बैच नंबर, निर्माता का नाम और अन्य अनिवार्य विवरण अंकित किए बिना पैक की गई नमकीन एवं खाद्य सामग्री बेचे जाने की शिकायतों ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। यह मामला केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं, बल्कि सीधे आम लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।

    स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि गुंडरदेही के धमतरी चौक स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार, रेस्ट हाउस के सामने स्थित यादव सेव एवं मिष्ठान भंडार तथा अर्जुदा के लवली रेस्टोरेंट एवं मिष्ठान भंडार में तैयार किए जाने वाले खाद्य पदार्थों में संदिग्ध 'कुंदा खोवा' का उपयोग किया जा रहा है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यदि इनमें तथ्य पाए जाते हैं तो यह खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच कराना आवश्यक है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

    खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी पैक खाद्य उत्पाद पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, बैच नंबर, निर्माता का नाम और अन्य आवश्यक विवरण अंकित होना कानूनन अनिवार्य है। इनके अभाव में ऐसे उत्पादों की बिक्री उपभोक्ता अधिकारों और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। बिना पहचान वाले खाद्य पदार्थ यदि बासी या दूषित हों तो उनके सेवन से फूड पॉइजनिंग, पेट संबंधी संक्रमण और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के कई बाजारों में लंबे समय से इस तरह की सामग्री बिक रही है, लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नियमित निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती। इससे विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाकर दुकानों, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच, संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    खाद्य सुरक्षा अधिकारी का पक्ष

    खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय नंद ने बताया कि "दो-तीन स्थानों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जल्द ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"

    Page 4 of 3073

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision