August 09, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    राजनांदगांव

    राजनांदगांव (1777)

    ज्ञानेश्वरी ने बहरीन में आयोजित वल्र्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में देश का किया था प्रतिनिधित्व, चांदनी ने 38वें नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ को दिलाया था सिल्वर मेडल
    उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाडिय़ों को दी बधाई

      रायपुर / शौर्यपथ / उप राष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने राज्य अलंकरण समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली वेटलिफ्टर सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव को गुंडाधुर सम्मान और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय गौरव दिलाने वाली तीरंदाज सुश्री चांदनी साहू को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान प्रदान किया। राजनांदगांव जिले के भोडिय़ा गांव की रहने वाली 22 वर्ष की सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने दिसम्बर-2024 में बहरीन के मनामा शहर में आयोजित वल्र्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वे वल्र्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में पांचवें स्थान पर रही थीं।
      वहीं महासमुंद जिले के बागबहरा की 15 साल की सुश्री चांदनी साहू ने जनवरी-फरवरी-2025 में उत्तराखंड में संपन्न 38वें नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ को रजत पदक दिलाया था। वे नेशनल गेम्स में तीरंदाजी के टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की चार सदस्यीय टीम में भी शामिल थीं। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने दोनों खिलाडिय़ों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए राज्य अलंकरण मिलने पर बधाई दी है।
      कक्षा दसवीं में पढ़ रही सुश्री चांदनी साहू अभी बिलासपुर के बहतराई स्थित आवासीय तीरंदाजी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वे वहां वर्ष 2023 से प्रशिक्षण ले रही हैं। चांदनी ने वर्ष-2024 में जमशेदपुर में हुई सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी टीम इवेंट में रजत पदक जीता था। उन्होंने पश्चिम बंगाल के भोलपुर में इस साल आयोजित जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया था।

    इन खिलाडिय़ों को दिया जाता है राज्य खेल अलंकरण
      राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष उन खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ी को गुंडाधुर सम्मान प्रदान किया जाता है जिन्हें भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण हेतु विचार क्षेत्र में लिया जाता है। इसके लिए इन खेलों के ऐसे खिलाड़ी का चयन किया जाता है जिन्होंने विगत एक वर्ष में सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण पदक या रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
            वहीं महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान सीनियर वर्ग के ऐसे खिलाड़ी को दिया जाता है जिन्होंने विगत एक वर्ष में तीरंदाजी की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेल में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते हुए स्वर्ण पदक, रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।

    - राज्योत्सव में विभिन्न विभागों के स्टॉल में जनमानस को शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की मिल रही जानकारी

        राजनांदगांव / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सर्वेश्वरदास नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (म्यूनिसिपल स्कूल मैदान) राजनांदगांव में राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राज्योत्सव के अवसर पर जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में शासन की लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही छत्तीसगढ़ जनमन पत्रिका, छत्तीसगढ़ में सुशासन के लिए नवाचार ब्रोसर, विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम, छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव पत्रिका का नि:शुल्क वितरण किया गया। जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में शासन तथा जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों को प्रदर्शित किया गया।
    महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोट्ठ लईका पहल के संबंध में जानकारी देते हुए बच्चों के सुपोषण के संबंध में जागरूक किया गया। पौष्टिक एवं मिलेट्स व्यंजन तथा स्थानीय भाजियों, तिरंगा भोजन पौष्टिक आहार की प्रदर्शनी लगाकर जानकारी प्रदान की जा रही है। जनमानस को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के संबंध में बताया जा रहा है। कृषि विभाग के स्टॉल में रबी फसल चक्र परिवर्तन अंतर्गत धान के बदले कम पानी की आवश्यकता वाले फसलों को बढ़ावा देने के संबंध में जानकारी दी गई। महिला स्वसहायता समूह के उत्पादों रागी, कोदो, तेलघानी का सरसो तेल, जैविक चावल, बिक्री के लिए उपलब्ध रहे। वही कृषक पाठशाला में किसानों को शासन की विभिन्न लोकहितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। चना फसल की उन्नत उत्पादन तकनीक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मक्का की उन्नत उत्पादन तकनीक, जैविक खेती से अवगत कराया गया। कृषि कार्य के प्रमुख यंत्र के संबंध में बताया गया। उद्यानिकी विभाग के स्टॉल में गेंदा की खेती, शिमला मिर्च, केला, पपीता, बैगन, टमाटर एवं अन्य उद्यानिकी फसलों के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर किसानों को फसल चक्र परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया।
       शिक्षा विभाग के स्टॉल में चंद्रयान-3 का मॉडल, पर्यावरण में मिथेन गैस पर आधारित विषैली एवं प्रदूषित गैस को अवशोषित कर दूर करने का मॉडल प्रदर्शित किया गया तथा स्कूली बच्चों के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के स्टॉल में चिला, फरा, चौसेला, अईरसा, ठेठरी खुर्मी जैसे व्यंजन उपलब्ध है। सीएसईबी के स्टॉल में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी दी जा रही है और लोगों को इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस विभाग के स्टॉल में साइबर जागरूकता, सड़क सुरक्षा, नवा विहान की जानकारी दी जा रही है  तथा विभिन्न शस्त्रों का प्रदर्शन किया गया है। परिवहन विभाग के स्टॉल में लर्निंग लायसेंस बनाने तथा हाई सिक्युरिटी नंबर प्लेट संबंधी कार्य किया जा रहा है।
    स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम, हाई रिस्क प्रेेग्नेंसी मातृत्व कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी जा रही है तथा शुगर एवं बीपी जांच की जा रही है।
      समाज कल्याण विभाग के स्टॉल में दिव्यांग बच्चों के कौशल विकास के लिए हैण्ड्रीक्राफ्ट गतिविधियां तथा शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। क्रेडा विभाग के स्टॉल में सौर सुजला योजना, सोलर डूवल पंप, सोलर पावर प्लांट, सोलर हाई मस्ट, सोलर स्टील लाईट, बायो गैस सहित अन्य जानकारी दी जा रही है। आदिम जाति कल्याण विभाग के स्टॉल में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अलपसंख्यक वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, प्रयास आवासीय विद्यालय सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पशुधन विभाग के स्टॉल में गौधाम योजना के बारे में बताया जा रहा है। इसी तरह सीआरसी, वन विभाग, स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग, विधिक सहायता, नगरीय निकाय, उद्योग विभाग, जल संसाधन विभाग, पीएचई विभाग, रेशम विभाग, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, खाद्य विभाग, मत्स्य विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है।

    राजनांदगांव/शौर्यपथ/ नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) ने आज राजनांदगांव जिले के पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर एएसपी (ऑप्स) मुकेश ठाकुर, एएसपी राहुल देव शर्मा, तथा सीएसपी श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

    नवीन पुलिस कप्तान के आगमन पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दी गई। इसके पश्चात सभागार में जिले के सभी अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर उन्होंने क्षेत्रवार अपराध स्थिति, अपराधियों के रिकॉर्ड तथा प्रमुख मामलों की जानकारी ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गांजा, चाकूबाजी, गुंडा-बदमाश एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही थाना एवं चौकी में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ संवेदनशील एवं सौम्य व्यवहार रखने की बात कही।

    इसके बाद जनसंवाद कक्ष में जिले के सभी इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के पत्रकारों से मुलाकात करते हुए उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से संस्कारधानी राजनांदगांव में बेसिक पुलिसिंग, विजुअल पुलिसिंग और फील्ड पुलिसिंग के माध्यम से अपराध नियंत्रण किया जाएगा। उन्होंने सुगम यातायात और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था का आश्वासन दिया।

    आईपीएस अंकिता शर्मा 2018 बैच की अधिकारी हैं। उन्होंने पूर्व में बलौदाबाजार-भाटापारा में प्रशिक्षु आईपीएस, रायपुर में सीएसपी, जगदलपुर में एडिशनल एसपी (नक्सल ऑपरेशन), तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में ओएसडी के रूप में कार्य किया है। हाल ही में वे जिला सक्ति की पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं।

    बस्तर की जनता के मनोअनुकूल निर्णय लेने वाले सभी का है स्वागत-उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

       मोहला / शौर्यपथ / उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। जिसमें उन्होंने बताया कि बस्तर रेंज में आने वाले केशकल डिवीजन (नॉर्थ सब ज़ोनल ब्यूरो) के कुंएमारी एवं किसकोडो एरिया कमेटी से संबंधित 21 सशस्त्र नक्सलियों ने आज हथियार और हिंसा का मार्ग छोड़कर सम्मानपूर्वक पुनर्वास कर मुख्यधारा में जुड़ने का मार्ग चुना है, जो बहुत हर्ष का विषय है। जिनमें डिवीजन कमेटी सेक्रेटरी मुकेश भी शामिल हैं। पुनर्वास करने वाले 21 माओवादी कैडर में 13 महिला कैडर और 08 पुरुष कैडर शामिल हैं। इन माओवादी कैडरों द्वारा 18 हथियारों को समर्पित किया गया है, जिसमें 03 एके-47 रायफल, 04 एसएलआर रायफल, 02 इंसास रायफल, 06 संख्या में .303 रायफल, 02 सिंगल शॉट रायफल और 01 बीजीएल हथियार शामिल हैं।
            पुनर्वास करने वालों में 04 डीवीसीएम (डिवीजन वाइस कमेटी मेंबर), 09 एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) और 08 पार्टी सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में बनाई गई रणनीति एवं संवेदनशील पुर्नवास नीति का परिणाम है कि हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में जुड़ रहे हैं, पूर्व में 210 माओवादियों ने पुनर्वास का मार्ग चुना था और लगातार आज 21 ने शस्त्र त्यागे हैं। सम्मानपूर्वक शस्त्र त्यागकर पुनर्वास करने वालों का शासन लाल कालीन बिछाकर स्वागत करने को तैयार है, पर इसके साथ जो हिंसा का मार्ग नहीं त्यागते हैं उनके लिए नक्सल ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे। बस्तर के लाल आतंक से मुक्त कराना हमारी प्राथमिकता है। बस्तर की जनता के मनोअनुकूल निर्णय लेने वाले इन सभी का स्वागत है।
     उन्होंने कहा कि अब पश्चिम्ब बस्तर एवं उत्तर बस्तर में स्थिति साफ हो रही है और लोगों को लाल आतंक से मुक्ति मिल गयी है दक्षिण बस्तर में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं ताकि सभी का सम्मानपूर्वक पुनर्वास करवाया जाए और वे शस्त्र त्यागकर मुख्यधारा में शामिल हों और समाज के निर्माण में लोकतांत्रिक तरीके से अपना योगदान दें।
      उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 'मन की बात' के 127वें संस्करण में भारतीय नस्ल के श्वानों की उपलब्धि का विशेष उल्लेख किए जाने पर हर्ष जताया और कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के 'वोकल फ़ॉर लोकल' के लिए एक मिशाल है जो सुरक्षा एजेंसियों द्वारा नक्सल मोर्चे में भारतीय नस्ल के श्वानों को शामिल किया जा रहा है। इन प्रशिक्षण प्राप्त देशी श्वानों ने नक्सल मोर्चे पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, एक देशी श्वान ने 8 किलो के आईईडी विस्फोटकों का पता लगाने का भी कार्य किया है जो सराहनीय है। उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों को जिन्होंने भारतीय नस्ल के श्वानों को प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाने का कार्य किया है उन्हें भी शुभकामनाएं दी और कहा कि भारतीय श्वान अधिक विश्वसनीय और भारतीय पर्यावरण के प्रति अनुकूल होते हैं इनके प्रयोग से सुरक्षा बलों को भी सहयोग प्राप्त होगा। इसके साथ ही अम्बिकापुर में प्लास्टिक मुक्त शहर के रूप में बनाये जाने के लिए 'गार्बेज कैफे' के रूप में किए जा रहे अनूठे पहल की सराहना प्राप्त होना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

    0 अशोक पांडे, शशांक तिवारी संभाग स्तरीय अधिमान्यता समिति में चयन पर बधाई, पत्रकारों में उत्साह

    राजनांदगांव। शौर्यपथ/आज जारी प्रदेश के पत्रकारों की अधिमान्यता समिति में संस्कारधानी के सूरज बुद्धदेव संपादक, दैनिक दावा को राज्य स्तरीय अधिमान्यता सूची में एवं अशोक पांडे (नांदगांव टाइम्स), शंशाक तिवारी (सबेरा संकेत) को संभाग स्तरीय अधिमान्यता समिति में शामिल किए जाने पर प्रेस जगत राजनांदगांव की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयां प्रेषित की गई। पत्रकार साथियों एवं नागरिकों ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के पत्रकार समुदाय के लिए गौरव का विषय है। सूरज बुद्धदेव की निष्पक्ष, जनसरोकार आधारित पत्रकारिता ने सदैव समाज में सकारात्मक संदेश दिया है। सच्ची पत्रकारिता वही है जो समाज के हित में निडरता से सत्य को सामने लाए।

    0 छत्तीसगढ़ की रजत जयंती एवं एनएमसी के तत्वावधान में हुआ कार्यक्रम, 127 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

    राजनांदगांव। शौर्यपथ/ स्व. अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति मेडिकल कॉलेज, राजनांदगांव में मंगलवार 14 अक्टूबर 2025 को छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्ष एवं राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के तत्वावधान में रेबीज विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

    इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस एवं चिकित्सा समुदाय में रेबीज जैसी घातक बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के डीन डॉ. पी.एम. लूका थे। आयोजन का संचालन चिकित्सा विभाग द्वारा किया गया, जिसके विभागाध्यक्ष डॉ. एन.के. तिर्की थे।संगोष्ठी में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रकाश खुंटे, डॉ. धीरज भवाननी, डॉ. धनंजय ठाकुर एवं डॉ. आशीष दुलानी उपस्थित रहे।

    इस अवसर पर अतिथि वक्ता के रूप में एम्स की अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. सबा सिद्दीकी और छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध फिल्म कलाकार एवं पूर्व आईएमए अध्यक्ष डॉ. अजय सहाय ने रेबीज के नियंत्रण, निदान एवं रोकथाम पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि रेबीज एक ऐसी वायरल बीमारी है जो संक्रमित जानवर के काटने, खरोंचने या लार के संपर्क से फैलती है और लक्षण प्रकट होने के बाद लगभग 100% घातक होती है। इसलिए समय पर टीकाकरण और जागरूकता ही इसका सबसे प्रभावी बचाव है।

    कार्यक्रम में स्टाफ नर्स, जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर, इंटर्न और एमबीबीएस छात्रों सहित कुल 127 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। संगोष्ठी में बताया गया कि विश्वभर में हर वर्ष लगभग 59,000 मौतें रेबीज से होती हैं, जिनमें से अधिकांश एशिया और अफ्रीका में होती हैं। भारत में यह संख्या 18,000 से 20,000 के बीच है, जिसमें 30 से 60 प्रतिशत मामले बच्चों में पाए जाते हैं। भारत में 97 प्रतिशत मानव रेबीज संक्रमण संक्रमित कुत्तों के काटने से होते हैं।

    विशेषज्ञों ने बताया कि रेबीज के प्रारंभिक लक्षण बुखार, घाव वाली जगह पर झुनझुनी और दर्द के रूप में प्रकट होते हैं। इसके बाद रोग दो रूपों में दिखाई देता है — उग्र (फ्यूरियस) रेबीज और लकवाग्रस्त (पैरालिटिक) रेबीज। डॉ. सिद्दीकी ने कहा कि लक्षण दिखने के बाद रोग का कोई इलाज नहीं है, इसलिए घाव की त्वरित देखभाल, साबुन और पानी से धोना तथा तुरंत वैक्सीनेशन (पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफीलैक्सिस) ही जीवन रक्षक उपाय हैं। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि रेबीज उन्मूलन का सबसे प्रभावी तरीका कुत्तों का सामूहिक टीकाकरण है। भारत सरकार द्वारा पशु जन्म नियंत्रण (कुत्ते) नियम 2023 के तहत आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी रेबीज वैक्सीनेशन (ABC-ARV) कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पालतू कुत्तों के लिए रेबीज टीकाकरण को अनिवार्य बताया गया।

    विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने पालतू जानवरों का नियमित टीकाकरण करवाएँ, ताकि परिवार और समाज दोनों सुरक्षित रहें।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा रस्तोगी कॉलेज ऑफ नर्सिंग सेंट्रल इंडिया नर्सिंग कॉलेज देवदा में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरत्न ने बालिकाओं के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने कहा। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की अपने परिवार एवं देश की उन्नति में अहम भूमिका होती है। शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण सहित सभी क्षेत्रों में बालिकाओं को समान अधिकार है। कार्यक्रम में रंगोली, निबंध, पोस्टर सहित अन्य प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरण कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित थे।

    शुभारंभ कार्यक्रम में जिले के किसान कृषि उपज मंडी परिसर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े 

            राजनांदगांव / शौर्यपथ / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के किसानों की उन्नति के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना तथा दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ नई दिल्ली से किया गया। इस शुभारंभ कार्यक्रम में जिले के किसान कृषि उपज मंडी परिसर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। कार्यक्रम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने किसानों को रबी सीजन में दलहन-तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाकर शासन योजनाओं का लाभ लेने तथा कम पानी व कम कृषि लागत वाली फसलों को लेकर ज्यादा मुनाफा वाली फसलों को लेने के लिए आग्रह किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा रबी सीजन 2025-26 में न्यूनतम समर्थन मूल्य की दर में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कृषि विभाग सहित अन्य संबंधी विभागों के मैदानी अधिकारियों को किसानों के हित में कार्य करने कहा। कृषि स्थायी समिति जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती जागृति यादव ने वर्तमान खरीफ फसल में बेहतर उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों को किसानों तक कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं को पहुंचाने कहा। उन्होंने किसानों को नवाचार पद्धति से खेती करने की अपील की। जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर ने भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों एवं प्रयासों की जानकारी दी।
       उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने किसानों को केन्द्र सरकार की दलहन आत्मनिर्भरता मिशन की विस्तृत जानकारी दी। कृषि विज्ञान केन्द्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्रीमती गुंजन झा ने कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा किए जा रहे नवाचार कार्यों तथा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। लीड बैंक मैनेजर श्री मुनीष शर्मा ने किसान क्रेडिट कार्ड एवं कृषि ऋण के बारे में बताया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य, श्री राजेन्द्र ठाकुर, अनुभागीय कृषि अधिकारी श्री संतलाल देशलहरे, सहायक संचालक कृषि डॉ. वीरेंद्र अनंत, सचिव कृषि उपज मंडी श्री पंचराम वर्मा, सहायक संचालक कृषि श्रीमती रूपलता गुप्ता, कृषि वैज्ञानिक श्रीमती नूतन रामटेके, पशुचिकित्सा अधिकारी श्रीमती ममता मेश्राम, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री डीआर राणाड़े, कृषि विकास अधिकारी श्री अविनाश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि व कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि उपज मंडी के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

    0 शिवनाथ वाटिका में होगा सम्मान समारोह

    राजनांदगांव। शौर्यपथ/ संस्कारधानी आगामी 15 अक्टूबर को उत्सव के रंग में रंगने जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का 73वां जन्मदिन इस बार विशेष रूप से “उत्सव” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर वे दो दिनों के नगर प्रवास पर रहेंगे और अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक तथा जनसेवा कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

    पहले दिन मठपारा स्थित शिवनाथ वाटिका में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव सहित प्रदेश व जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। इसके बाद स्पीकर हाउस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रिमंडल के सदस्यों की उपस्थिति में रात्रि भोज का आयोजन होगा। रात में डॉ. सिंह स्टेट स्कूल मैदान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

    जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर 51 वार्डों में स्वच्छता अभियान और 71 गांवों में वृक्षारोपण का वृहद कार्यक्रम होगा। दूसरे दिन 16 अक्टूबर को डॉ. सिंह दिव्यांग बच्चों और स्वच्छता दीदियों के साथ अपना जन्मदिन साझा करेंगे। इस दौरान वे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में निर्मित जिम का उद्घाटन और गौरव पथ स्थित प्रयास विद्यालय का शुभारंभ भी करेंगे।

    जन्मदिन की शाम संस्कारधानी संगीत के सुरों से गूंजेगी, जब बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे। युवा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। डॉ. रमन सिंह ने समर्थकों से अपील की है कि वे उपहार या बड़े पुष्पगुच्छ न लाएं, बल्कि सेवा कार्यों में भाग लेकर उत्सव को सार्थक बनाएं।

    राजनंदगांव। शौर्यपथ/गौरी नगर स्टेशन के पास एक महिला, दुलारी सोनवानी, ने कोतवाली थाना पहुंचकर सूचना दी कि उनका पति किशन सोनवानी आत्महत्या की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम और उनकी टीम तुरंत घटना स्थल की ओर रवाना हुई।

    थाना टीम ने किशन सोनवानी को गौरी नगर के पास बन रहे अंडरब्रिज पर पाया, जहां युवक लगभग 10-12 फीट पानी में छलांग लगाने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच थाना स्टाफ राम खिलावन ने साहसिक कदम उठाते हुए अंडरब्रिज में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। उसके बाद किशन सोनवानी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर उसे पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

    बताया जा रहा है कि युवक की स्थिति अब खतरे से बाहर है। कोतवाली पुलिस की तत्परता और स्टाफ की बहादुरी से एक जीवन बचाने में सफलता मिली, जिसे स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision