नई दिल्ली / शौर्यपथ / राहुल गांधी इन दिनों तमिलनाडु दौरे पर हैं, जहां उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. तमिलनाडु के मूलगुमडुब्न जिले में रोडशो के बाद वह एक स्कूल में छात्र छात्राओं से बात करने पहुंचे. यहां उनसे एक छात्रा ने पुशअप्स करने की अपील की. राहुल गांधी ने उस छात्रा के साथ ही मंच पर पुशअप्स किए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. वीडियो में वह पहले दोनों हाथों से और फिर एक हाथ से पुशअप्स करते नजर आए. पिछले दिनों भी राहुल गांधी की फिटनेस को लेकर खासी चर्चाएं हुई थीं, जब उनके एब्स नजर आए थे.
राहुल गांधी ने जिस छात्रा के साथ पुशअप्स चैलेंज किया, वह 10वीं की छात्रा है और उसका नाम मेरोलिन शेनिघा है. बताते चलें कि राहुल गांधी इन दिनों दक्षिण भारत के दौरे पर हैं, पुडुचेरी और केरल के बाद वह तमिलनाडु पहुंचे. छात्रों साथ संवाद से पहले नागरकोइल में राहुल ने बीजेपी को जमकर निशाने पर लिया. एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी कहा कि इतिहास ने दिखा दिया है कि तमिलनाडु में तमिल लोगों के अलावा कोई और सत्ता में नहीं आ सकता. 234 विधानसभा सीटों वाले तमिलनाडु में छह अप्रैल को चुनाव होने हैं। कांग्रेस द्रमुक नीत गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है.
गांधी ने यहां लोगों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, ये चुनाव भी यही चीज दिखाएंगे कि केवल वही व्यक्ति तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बन सकता है, तो तमिल लोगों का प्रतिनिधित्व करता है. उन्होंने कहा, पीएम मोदी के आगे झुकने वाले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री (के पलानीस्वामी) ऐसा कभी नहीं कर पाएंगे. मुख्यमंत्री को राज्य के लोगों के आगे झुकना चाहिए. गांधी ने कहा कि आरएसएस और मोदी ‘‘तमिल भाषा और संस्कृति का अपमान'' करते हैं तथा लोगों को उन्हें यहां अपने पैर जमाने नहीं देने चाहिए.