Print this page

*फ़ोटो प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के जीवन और विकसित भारत की झलक*

  • Ad Content 1

जगदलपुर, शौर्यपथ। नगर के मां दन्तेश्वरी मंदिर के सामने टाऊन क्लब के पास जनसंपर्क विभाग द्वारा विकसित भारत के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना थीम पर आधारित एक भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री मोदी के जीवन के विभिन्न पहलुओं और उनके नेतृत्व में भारत की प्रगति को जनमानस तक पहुंचाना था। प्रदर्शनी में देश के प्रति प्रधानमंत्री श्री मोदी के योगदान और कर्तव्यनिष्ठा की गाथा को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। जिसे देखने के लिए स्कूली बच्चों से लेकर आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

 

*श्री नरेंद्र मोदी के जीवन की झांकी*

प्रदर्शनी में श्री नरेंद्र मोदी के जीवन की यात्रा को क्रमिक रूप से दर्शाया गया था। उनके बचपन की तस्वीरें जहां वे अपने परिवार और माता से मिले संस्कारों से प्रभावित हुए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। 'देशभक्ति की शक्ति' शीर्षक से एक खंड में श्री मोदी जी के राष्ट्रप्रेम और उनकी प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े क्षणों को दिखाया गया जो देश के युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बने। इसी क्रम में 'किताबों के समंदर के गोताखोर' शीर्षक से उनके अध्ययनशील व्यक्तित्व और ज्ञान के प्रति रुचि को रेखांकित किया गया। 

 वहीं फोटो प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन की विभिन्न झलकियों को प्रदर्शित करने वाला खंड था। 'पावरफुल सीएम' शीर्षक से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की झलक दिखाई गई जहां उन्होंने विकास के नए मापदंड स्थापित किए। इसके अलावा मोदी 3.0 में प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में किए गए विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों और नीतियों को प्रदर्शित किया गया जिसने भारत को विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि देने की झलक बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि शीर्षक से प्रदर्शित की गई। इसमें बाबा साहेब के सपने को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कैसे साकार किया इसके बारे में दिखाया गया। आतंकवाद के खिलाफ उनकी सख्त नीतियों और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कड़े फैसलों को आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब शीर्षक के अंतर्गत दिखाया गया।

 

*विकास कार्यों की झलक*

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा देश के विकास के लिए किए गए विभिन्न कार्यों की भी विस्तृत झलक प्रस्तुत की गई। जल शक्ति से जलक्रांति में जल संरक्षण और जल प्रबंधन की दिशा में किए गए उनके प्रयासों का प्रदर्शन किया गया। एक पेड़ मां के नाम शीर्षक से प्रदर्शित खंड में मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए उठाए गए कदमों को रेखांकित किया गया। डिजिटल क्रांति की दिशा में उनके योगदान को डिजिटल हुई पहचान डिजिटल से भुगतान डिजिटल से जीवन आसान के अंतर्गत दिखाया गया जिसमें आधार डिजिटल भुगतान और डिजिटल इंडिया अभियान जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।

 

*भारत की वैश्विक पहचान*

अंतरिक्ष शक्ति शीर्षक से प्रदर्शित खंड में भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत की गई जिसमें प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में चंद्रयान -3 से लेकर सूर्य मिशन की सफलता के बारे में बताया गया। 

'संविधान के अग्रदूत' शीर्षक से प्रदर्शित खंड में मोदी द्वारा संविधान की मूल भावना को सशक्त बनाने के लिए किए गए प्रयासों को रेखांकित किया गया। इस खंड में उन्होंने कैसे समाज के सभी वर्गों के लिए समानता और न्याय सुनिश्चित करने के प्रयास किए और उन्होंने वर्ष 2015 में संविधान दिवस मनाने की परम्परा शुरू की इसके बारे में बताया गया। 

 

*प्रदर्शनी में जनसामान्य की भागीदारी*

इस प्रदर्शनी को देखने के लिए जिले के स्कूली बच्चों सहित आम नागरिक शामिल हुए। हर वर्ग ने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के जीवन और उनके नेतृत्व में भारत के विकास के सफर को नजदीक से देखा और सराहा। स्कूली बच्चों के लिए यह प्रदर्शनी विशेष रूप से प्रेरणादायक रही चूंकि इन बच्चों ने श्री मोदी जी के संघर्ष, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को प्रदर्शनी के जरिए करीब से देखा और समझा।

Rate this item
(0 votes)
Naresh Dewangan

Latest from Naresh Dewangan