खेल /शौर्यपथ /अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टीम में बने रहते हैं। कुछ खिलाड़ी खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर भी होते हैं, जबकि बहुत कम चोटिल होने की वजह से टीम से बाहर रहते हैं। इसमें तीसरी कैटेगरी में भारत के वाशिंगटन सुंदर का नाम फिट बैठता है। क्योंकि ऐसे कई मौके आए हैं, जब सुंदर को किसी सीरीज के लिए टीम में चुना गया हो और वह सीरीज शुरू होने से कुछ दिन पहले चोटिल हो गए हों।
भारत को जिम्बाब्वे दौरे पर 18 से 22 अगस्त तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है, जिसके लिए वाशिंगटन सुंदर को भी चुना गया है। लेकिन एक बार फिर चोट ने इस ऑलराउंडर की मुश्किलें बढ़ा दी है। 11 अगस्त को मैनचेस्टर में रॉयल लंदन वन-डे कप मैच के दौरान भारत के हरफनमौला खिलाड़ी को कंधे में चोट लगी। लंकाशायर ने एक मीडिया पोस्ट में इस बात की पुष्टि की। सुंदर मैच के दौरान कंधा चोटिल कर बैठ। फील्ड पर इलाज के बाद उन्होंने मैदान छोड़ने का फैसला किया। हालांकि उनकी चोट कितनी गंभीर है। इसको लेकर कोई जानकारी नहीं है।
लंकाशायर ने ट्वीट किया, "वाशिंगटन सुंदर ने एक भारी लैंडिंग के बाद अपने बाएं कंधे का इलाज कराने के बाद मैदान छोड़ दिया है। गेंद के साथ अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। 27-0 (8)।''
वाशिंगटन सुंदर को वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ मैच में चोट लगी थी, जिसे लंकाशायर ने 6 विकेट से जीता था। 22 वर्षीय ऑलराउंडर जिम्बाब्वे के खिलाफ 18 अगस्त से शुरू हो रही आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत की टीम का हिस्सा हैं। लेकिन इस चोट ने उनके सीरीज में खेलने को लेकर संदेह खड़ा कर दिया है।
इस साल की शुरुआत में आईपीएल के दौरान अपने गेंदबाजी हाथ में चोट लगने के बाद से सुंदर ने अभी तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। हालांकि उन्होंने काउंटी क्रिकेट में वापसी की है और जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी सीरीज चार महीनों में भारत के साथ उनका पहला मैच था।