Print this page

दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी से जुड़ने जा रहा स्वर्णिम अध्याय Featured

  • Ad Content 1

बालोद
बालोद जिले के ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित होने जा रही प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी भारतीय स्काउटिंग के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगी। यह देश की पहली राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी है, जिसकी मेजबानी का गौरव छत्तीसगढ़ को प्राप्त हुआ है।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों, रेलवे, केंद्रीय विद्यालय संगठन एवं नवोदय विद्यालय संगठन से लगभग 11,696 प्रतिभागी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ से सर्वाधिक 4,252 रोवर-रेंजर सहभागिता करेंगे। स्टाफ एवं विदेशी प्रतिभागियों सहित कुल 14 हजार से अधिक लोग इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

यह जंबूरी 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, सेवा भावना एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व केवल स्काउट-गाइड जंबूरी का आयोजन होता रहा है।

छत्तीसगढ़ ने स्काउटिंग के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाल ही में लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में राज्य के प्रतिभागियों ने शानदार उपलब्धि दर्ज की थी।

इस पाँच दिवसीय आयोजन को भव्य, गरिमामय और स्मरणीय बनाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। आम नागरिकों के लिए डे विजिटर पास की भी व्यवस्था की गई है, जिससे यह आयोजन गर्वोत्सव और हर्षोत्सव के रूप में चिरस्मरणीय बन सके।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ