गुवाहाटी /शौर्यपथ/
असम में बाढ़ अब जानलेवा साबित हो रही है. पिछले 24 घंटे में चार लोगों की मौत हो गई है. साथ ही 25 जिलों के 11.09 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. असम के कई इलाकों में मानस, पगलाड़िया, पुथिमारी, कोपिली, गौरांग और ब्रह्मपुत्र नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है. वहीं असम के नलबाड़ी जिले में बाढ़ का पानी रेलवे ट्रैक में भर गया. इसके कारण भारत को पूर्वोत्तर से जोड़ने वाला रेल यातायात प्रभावित हुआ है. नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुताबिक, 6 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और 4 ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गई हैं. साथ ही 7 रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है. गुवाहाटी में इस महीने अब तक 385.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि जून के महीने में गुवाहाटी में औसतन 174 मिमी बारिश होती है. इस बार गुवाहाटी में 121 फीसदी अधिक बारिश हुई है.
बाढ़ के चलते प्रभावित जिलों की 19782.80 हेक्टेयर फसल जमीन जलमग्न हो गई है. राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 72 राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 1,510 गांवों में पानी के भीतर हैं. भारी बारिश की चेतावनी के चलते शुक्रवार को कामरूप महानगर जिले में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं.
नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि असम के रंगिया डिवीजन के नलबाड़ी और घोगरापार के बीच जलजमाव के मद्देनजर नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने कई ट्रेनों की सेवाओं रद्द और कुछ को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया है.
इससे पहले गुरुवार को, बाढ़ के पानी ने मझोरचुआ क्षेत्र में कलाईगांव-उदालगुरी को जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया और कलाईगांव क्षेत्र के कम से कम 10 गांव जलमग्न हो गए थे.