Print this page

जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु तैयारी पूर्ण , कलेक्टर ने किया निरीक्षण

  • doing of business

मुंगेली / शौर्यपथ / खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में आगामी 01 नवंबर से समर्थन मूल्य में धान खरीदी हेतु जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु तैयारी पूर्ण कर ली गई है। कलेक्टर श्री राहुल देव ने पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह के साथ आज लोरमी विकासखंड के ग्राम मनोहरपुर के धान उपार्जन केन्द्र पहुंचकर समर्थन मूल्य में धान खरीदी हेतु तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वहां धान उपार्जन केन्द्र में साफ सफाई व्यवस्था, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, विद्युत व्यवस्था, कांटा बाट, मानव संसाधन, आद्रता मापी मशीन, पानी निकासी हेतु डैªनेज व्यवस्था व बेमौसम बारिश से बचाव हेतु कैप कव्हर, स्टैकिंग, बारदाना व्यवस्था, किसानों का पंजीयन आदि की जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 01 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की जायेगी। धान खरीदी शासन की प्राथमिकता का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होना चाहिए। गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 हेतु समर्थन मूल्य पर 01 नवंबर से धान की खरीदी की जाएगी। जिले के 66 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से 97 उपार्जन केंद्रों में पंजीकृत कृषकों से धान की खरीदी की जाएगी। इस हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, एसडीएम मुंगेली सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, लोरमी एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ